

Highlights
हनी सिंह और पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम दुबई की एक शादी में साथ नजर आए।
दोनों का एक-दूसरे को गले लगाने और साथ में डांस करने का वीडियो वायरल हो रहा है।
हनी सिंह और आतिफ असलम ने पाकिस्तानी सिंगर अबरार-उल-हक के गानों पर डांस किया।
Honey Singh Atif Aslam Dance Video: भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में लंबे समय से तनाव बना हुआ है। इसका असर क्रिकेट से लेकर सिनेमा और मनोरंजन जगत तक देखने को मिलता रहा है। पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने और परफॉर्म करने को लेकर भी कई बार विवाद हो चुका है।
हाल ही में बेंगलुरु में पाकिस्तानी सीरियल 'दार-ए-निजात' की स्क्रीनिंग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इसका आयोजन रद्द करवा दिया गया। वहीं, पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' के ट्रेलर के बाद भारत में इसे बैन करने की मांग उठ रही है। इन सबके बीच भारतीय रैपर हनी सिंह और पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, हनी सिंह और आतिफ असलम हाल ही में दुबई में एक दोस्त की शादी में शामिल हुए थे। इस दौरान दोनों की मुलाकात हुई और उन्होंने साथ में जमकर मस्ती की। शादी के होस्ट सादिक सलीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। एक वीडियो में हनी सिंह और आतिफ असलम साथ में डांस करते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई दे रहे हैं।
सादिक सलीम ने बुधवार को तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए बताया कि एक दोस्त की शादी में आतिफ और हनी ने पूरी रात डांस किया। दोनों पाकिस्तानी सिंगर अबरार-उल-हक के गानों पर थिरकते नजर आए। उन्होंने हनी सिंह की तारीफ करते हुए लिखा कि वह किसी आइकॉन की तरह लग रहे थे। उनका स्टाइल शानदार और अपनापन भरा था। वहीं, आतिफ असलम हमेशा की तरह शांत और संयमित अंदाज में नजर आए।
इस मुलाकात के साथ सादिक सलीम ने भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर चल रहे विवाद पर भी टिप्पणी की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक तरफ पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज की रिलीज रोकने की मांग की जा रही है, तो दूसरी तरफ वे दोस्ती, संगीत और अच्छे पलों का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा दुबई में ही संभव है। फिलहाल हनी सिंह और आतिफ असलम के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी चर्चा मिल रही है।