

Highlights
सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की एडवांस बुकिंग में ओपनिंग वीकेंड के लिए 37,750 टिकट बिक चुके हैं।
फिल्म में आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ, अनुपम खेर, सीमा पाहवा और सुप्रिया पाठक नजर आएंगे।
Yeh Prem Mol Liya Advance Booking: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की नई जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर रोमांस करती नजर आएगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। वहीं, इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी सामने आ गए हैं, जो फिल्म के लिए अच्छी शुरुआत का संकेत दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की प्री-सेल्स 24 नवंबर की देर रात से शुरू हुई थी। इसके बाद से ही टिकटों की बिक्री में तेजी देखने को मिली। 'ये प्रेम मोल लिया' के ओपनिंग वीकेंड के लिए अब तक 37,750 टिकट बिक चुके हैं। वहीं, इसे देशभर में 4,810 शोज मिले हैं। इन आंकड़ों के साथ फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों की गिनती किए 1.03 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। ओपनिंग डे की बात करें तो फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 37.18 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
आयुष्मान खुराना की फिल्म के स्टेटवाइज एडवांस बुकिंग आंकड़ों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर में इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दोनों क्षेत्रों में ओपनिंग वीकेंड के लिए 20 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है। वहीं, राजस्थान में फिल्म ने 14.50 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसके अलावा गुजरात और तमिलनाडु में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग से 7 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई हुई है। पंजाब में भी टिकटों की बिक्री से 5 लाख रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन हो चुका है।
'ये प्रेम मोल लिया' एक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 53 मिनट है। इसका म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जबकि यश राज फिल्म्स इसे सिनेमाघरों में डिस्ट्रीब्यूट कर रहा है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के अलावा फिल्म में सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, श्रुति सेठ और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी प्यार, परिवार और रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि आयुष्मान खुराना को शरवरी वाघ से प्यार हो जाता है और शरवरी भी उनसे मोहब्बत करने लगती हैं। हालांकि, वह शादी करने से इनकार कर देती हैं। दरअसल, शरवरी के परिवार में सिर्फ महिलाएं हैं और वह शादी के बाद अपना घर छोड़कर नहीं जाना चाहतीं। ऐसे में आयुष्मान अपने परिवार को मनाने की कोशिश करते हैं। वह शरवरी से शादी करने के लिए अपने पूरे परिवार के साथ उनके घर रहने पहुंच जाते हैं।