AI ने बदल दी ‘K3G’ की स्टारकास्ट, अमिताभ की जगह जॉर्ज क्लूनी, करण जौहर रह गए हैरान

Karan Johar Reaction AI Video: ‘कभी खुशी कभी गम’ का AI-जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें बॉलीवुड स्टार्स की जगह हॉलीवुड कलाकारों को कास्ट किया गया है। इसे देख जौहर हैरान हैरान हो गए हैं।
K3G AI video Kabhi Khushi Kabhie Gham AI Cast Karan Johar reaction George Clooney as Amitabh Bachchan
कभी खुशी कभी गम का AI-जनरेटेड कास्ट (इमेज-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kabhi Khushi Kabhie Gham AI Cast: फिल्ममेकर करण जौहर की आइकॉनिक फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई री-रिलीज या सीक्वल नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बना एक खास वीडियो है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस AI-जनरेटेड क्लिप में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों की जगह हॉलीवुड सितारों को कास्ट कर फिल्म के किरदारों को नए अंदाज में पेश किया गया है। इस अनोखे प्रयोग ने न सिर्फ़ फैंस का ध्यान खींचा है, बल्कि खुद करण जौहर को भी खासा प्रभावित किया है।

AI वीडियो में फिल्म के प्रतिष्ठित किरदारों को इंटरनेशनल स्टार्स के साथ री-इमैजिन किया गया है। अमिताभ बच्चन द्वारा निभाए गए यशवर्धन रायचंद के किरदार में जॉर्ज क्लूनी को दिखाया गया है, जबकि शाहरुख खान के राहुल रायचंद के रोल में टॉम क्रूज नजर आते हैं। काजोल के अंजलि शर्मा के किरदार में ऐन हैथवे, रानी मुखर्जी की नैना कपूर के रूप में जेनिफर लॉरेंस और करीना कपूर खान की आइकॉनिक ‘पू’ यानी पूजा के रोल में मार्गोट रॉबी को दिखाया गया है। वहीं, ऋतिक रोशन के रोहन रायचंद के किरदार को क्रिस हेम्सवर्थ निभाते हुए दिखाई देते हैं।

करण जौहर ने जाहिर की अपनी खुशी

हालांकि, इस AI वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा नंदिनी रायचंद का किरदार रहा, जिसे मूल फिल्म में जया बच्चन ने निभाया था। AI वर्ज़न में इस रोल को हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री मेरिल स्ट्रीप को दिया गया है। इसे देखकर करण जौहर अपनी खुशी ज़ाहिर करने से खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने इस वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा कि ओके AI! मेरी किसी भी फ्रेम में मेरिल स्ट्रीप को लाने के लिए जो भी करना पड़े, मैं उसे खुशी-खुशी स्वीकार करता हूं। वर्चुअल ही सही, मेरी ख्वाहिश पूरी होती दिख रही है।

हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में शुमार है K3G

गौरतलब है कि साल 2001 में रिलीज हुई ‘कभी खुशी कभी गम’ हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी और यादगार फिल्मों में शुमार है। पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और भव्यता से सजी यह फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है। AI के जरिए इसका यह नया अवतार एक बार फिर साबित करता है कि यह फिल्म समय से परे है और हर दौर में चर्चा का हिस्सा बनी रहती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com