हिजाब विवाद पर जावेद अख्तर का फूटा गुस्सा, नीतीश कुमार से बिना शर्त माफी की मांग

Nitish Kumar Hijab Controversy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हिजाब विवाद में बुरी तरह घिर गए हैं। जावेद अख्तर, जायरा वसीम समेत कई सेलेब्स ने उनके रवैये की कड़ी आलोचना की है।
javed akhtar and nitish kumar
जावेद अख्तर, नीतीश कुमार (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Javed Akhtar React Hijab Controversy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों जबरदस्त आलोचनाओं के घेरे में हैं। हाल ही में सामने आए हिजाब विवाद ने सियासी गलियारों से लेकर बॉलीवुड और सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है। इस मामले पर अब तक कई नामचीन सेलेब्स अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं और लगातार मुख्यमंत्री से माफी की मांग उठ रही है।

सबसे ताजा प्रतिक्रिया दिग्गज गीतकार और लेखक जावेद अख्तर की सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर नीतीश कुमार के व्यवहार की कड़ी निंदा की। जावेद अख्तर ने साफ शब्दों में लिखा कि वे खुद पर्दा प्रथा के पारंपरिक कॉन्सेप्ट के खिलाफ रहे हैं, लेकिन इसका यह मतलब कतई नहीं है कि किसी महिला की गरिमा के साथ सार्वजनिक मंच पर ऐसा व्यवहार सही ठहराया जाए। उन्होंने कहा कि एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के साथ जो हुआ, वह अस्वीकार्य है और नीतीश कुमार को बिना किसी शर्त के उस महिला से माफी मांगनी चाहिए।

जावेद अख्तर समेत इन सेलेब्स ने जाहिर किया गुस्सा

जावेद अख्तर से पहले भी इस मुद्दे पर कई सेलेब्स अपना गुस्सा जाहिर कर चुके हैं। पूर्व एक्ट्रेस जायरा वसीम ने इस घटना को महिला सम्मान से जोड़ते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि किसी भी महिला की गरिमा और शालीनता कोई ऐसी चीज नहीं है, जिससे खेला जाए, खासकर सार्वजनिक मंच पर। एक मुस्लिम महिला होने के नाते किसी दूसरी महिला का नकाब इस तरह हटते देखना बेहद गुस्से और तकलीफ देने वाला है। जायरा ने साफ कहा कि सत्ता किसी को भी अपनी सीमाएं लांघने की इजाजत नहीं देती।

इसके अलावा राखी सावंत और सना खान जैसी हस्तियां भी इस विवाद पर खुलकर सामने आ चुकी हैं। इन सेलेब्स का मानना है कि चाहे विचारधाराएं कितनी भी अलग क्यों न हों, किसी महिला की निजी पसंद और सम्मान का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर लोगों ने माफी मांगने को कहा

हिजाब विवाद अब सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह महिला सम्मान और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा बड़ा सवाल बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग दो टूक कह रहे हैं कि इस मामले में नीतीश कुमार को आगे आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। अब देखना यह होगा कि बढ़ते दबाव के बीच मुख्यमंत्री इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com