'कार धो-धोकर चमकाई किस्मत', जस्सी गिल ने ऑस्ट्रेलिया में किया था ये काम

Jassie Gill: जस्सी गिल ने अपनी पहली म्यूजिक एल्बम 'बैचमेट' के लिए पैसे जुटाने हेतु ऑस्ट्रेलिया में तीन महीने कार धोने का काम किया था। आज वह बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री के नामी स्टार हैं।
'कार धो-धोकर चमकाई किस्मत', जस्सी गिल ने ऑस्ट्रेलिया में किया था ये काम
जस्सी गिल ने खोला संघर्ष का राज, बताया- ऑस्ट्रेलिया में कार धोने से मिली पहली सफलता
Published on
Updated on

Jassie Gill Struggle: पंजाबी गायक और अभिनेता जस्सी गिल आज मनोरंजन की दुनिया का एक जाना-माना नाम हैं, जिनकी आवाज़ और एक्टिंग दोनों को फैंस बेहद पसंद करते हैं। हालाँकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि सफलता की इस ऊँचाई तक पहुँचने के लिए उन्हें अपने करियर की शुरुआत में कड़े संघर्ष से गुजरना पड़ा था। जस्सी गिल को अपनी पहली सफलता पाने और पहले म्यूजिक एल्बम के लिए पैसे जुटाने के लिए ऑस्ट्रेलिया में कार धोने तक का काम करना पड़ा था।

जस्सी गिल का असली नाम जसदीप सिंह गिल है और उनका जन्म 26 नवंबर 1988 को पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना शहर में हुआ था। कॉलेज के दिनों में उन्होंने फिजिकल एजुकेशन के साथ म्यूजिक को प्रैक्टिकल सब्जेक्ट चुना और यहीं से संगीत को पेशा बनाने का उनका इरादा मजबूत हुआ।

ऑस्ट्रेलिया में तीन महीने कार धोने का संघर्ष

जस्सी गिल ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें अपने पहले म्यूजिक एल्बम के लिए पैसे जुटाने की सख्त जरूरत थी। इसी कारण उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में तीन महीने तक कार धोने का काम किया। यह समय उनके लिए बेहद मुश्किल भरा था, क्योंकि उन्होंने बिना छुट्टी के लगातार काम किया। उन्होंने इस दौरान जितनी भी कमाई की, वह सब अपने पहले एल्बम पर खर्च की। जस्सी हमेशा कहते हैं कि इंडस्ट्री में उन्होंने जो भी करियर बनाया, वह उन्हीं पैसों और कड़ी मेहनत से बनाया है।

'बैचमेट' ने दिलाई पहचान

लगातार तीन साल तक संगीत की दुनिया में पहचान बनाने का प्रयास करने के बाद, जस्सी गिल का पहला बड़ा ब्रेक 2011 में आया। उन्होंने अपना पहला म्यूजिक एल्बम 'बैचमेट' रिलीज़ किया। इस एल्बम का गाना 'चूड़ियां' तुरंत हिट हो गया। इसके बाद उन्होंने 'विग्रे शराबी', 'लांसर', और 'प्यार मेरा' जैसे हिट गाने दिए। आज उनके 'बापू जमींदार', 'लादेन', 'ओए होए होए', और 'निकले करंट' जैसे कई गाने सुपरहिट रहे हैं।

पंजाबी और बॉलीवुड में एंट्री

संगीत में सफलता मिलने के बाद जस्सी गिल ने 2014 में पंजाबी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज 420' से एक्टिंग की शुरुआत की। 2018 में, उन्होंने फिल्म 'हैप्पी फिर भाग जाएगी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने कंगना रनौत के साथ 'पंगा' और 2023 में सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में भी अभिनय किया। जस्सी गिल की एनर्जी और स्टाइल हमेशा लोगों का दिल जीत लेती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com