जैस्मीन सैंडलस का बड़ा खुलासा, लॉन्चिंग के दिन हुआ फाइनल टच, फिर भी सुपरहिट हुआ धुरंधर 2 का गाना ‘जइये सजना’

Jasmine Sandlas ने खुलासा किया कि ‘धुरंधर 2’ का हिट गाना ‘जइये सजना’ लॉन्च के दिन ही रिकॉर्ड और फाइनल किया गया था। गाने की इमोशनल थीम और सतिंदर सरताज की आवाज ने इसे खास बनाया।
Jasmine Sandlas Reveal Dhurandhar 2 Story Satinder Sartaaj song
जैस्मीन सैंडलस (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Jasmine Sandlas Reveal Dhurandhar 2 Story: रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर: द रिवेंज जहां बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, वहीं इसके गाने भी दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। खासतौर पर ‘जइये सजना’ गाना इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। अब इस गाने को लेकर सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने एक बड़ा और दिलचस्प खुलासा किया है।

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जैस्मीन सैंडलस ने बताया कि ‘जइये सजना’ गाना जिस दिन रिलीज हुआ, उसी दिन इसे अंतिम रूप दिया गया था। उन्होंने बताया कि वह म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव के साथ सुबह-सुबह स्टूडियो में इस गाने पर काम कर रही थीं। सिंगर ने कहा कि गाने के कुछ हिस्से पहले से तैयार थे, लेकिन इसकी रिकॉर्डिंग और फाइनल टच लॉन्च के दिन ही पूरा हुआ। इस तरह यह गाना बेहद कम समय में तैयार हुआ, जो अपने आप में एक अनोखी बात है।

गाने की सफलता का राज

जैस्मीन सैंडलस ने बताया कि ‘जइये सजना’ की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण इसकी भावनात्मक गहराई है। इस गाने में अकेलापन, प्यार और धोखे जैसे जज्बात को बेहद खूबसूरती से पेश किया गया है, जिससे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं। जैस्मीन सैंडलस ने यह भी कहा कि सतिंदर सरताज द्वारा गाया गया हुक लाइन खासतौर पर दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। यही वजह है कि यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फिल्म के गानों को भी मिल रहा प्यार

धुरंधर फ्रेंचाइजी के गाने हमेशा से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहे हैं। इस बार भी फिल्म में कुछ पुराने गानों को रीक्रिएट किया गया है, वहीं नए गानों को भी खूब पसंद किया जा रहा है। ‘जइये सजना’ इसी कड़ी में सबसे बड़ा हिट बनकर उभरा है। सिर्फ गाने ही नहीं, बल्कि फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। 9 दिनों में धुरंधर 2 ने भारत में 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और इसकी रफ्तार अब भी बरकरार है। कुल मिलाकर, ‘जइये सजना’ की सफलता और उससे जुड़ी यह कहानी दर्शाती है कि जब जुनून और मेहनत साथ हो, तो कम समय में भी बड़ा हिट तैयार किया जा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com