लालबागचा राजा के दरबार पहुंची जैकलीन फर्नांडिस, आरती और मोदक से किया गणपति का स्वागत
Jacqueline Fernandez Celebrate Ganesh Chaturthi: जैकलीन फर्नांडिस ने हाल ही में लालबागचा राजा के दर्शन किए। उन्होंने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। इस दौरान अवनीत कौर भी उनके साथ नजर आईं।
- Written By: सोनाली झा
लालबागचा राजा के दरबार पहुंची जैकलीन फर्नांडिस
Jacqueline Fernandez reached Lalbaugcha Raja: गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। महाराष्ट्र में इसका उत्साह सबसे ज्यादा देखने को मिलता है। हर साल की तरह इस बार भी मुंबई के प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी बीच, बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस भी गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं। जैकलीन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दर्शन का वीडियो साझा किया, जिसे देखकर फैन्स मंत्रमुग्ध हो गए। वीडियो में वह भक्ति भाव से गणेश जी की पूजा करती नजर आ रही हैं।
लुक की बात करें तो जैकलीन फर्नांडिस पीच रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आईं, जिसे हरे रंग की चोली और चुनरी ने और भी आकर्षक बना दिया। मिनिमल मेकअप और सादगी भरे अंदाज में एक्ट्रेस का यह पारंपरिक अवतार फैन्स के दिल को भा गया। उन्होंने वीडियो के बैकग्राउंड में मराठी आरती ‘सुखकर्ता दुख हरता’ भी जोड़ी, जिसने भक्ति भाव को और बढ़ा दिया।
भक्ति में लीन हुई एक्ट्रेस
इस दौरान जैकलीन फर्नांडिस ने भगवान गणेश को मोदक चढ़ाया और विधिवत पूजा भी की। उनके साथ एक्ट्रेस अवनीत कौर भी नजर आईं। इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए जैकलीन ने लिखा कि हर दर्शन हमें धैर्य, प्रेम और चमत्कार की याद दिलाता है। गणपति बप्पा मोरया। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस लगातार गणपति बप्पा मोरया और ओम गण गणपतये नमः लिखकर अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं, साथ ही हार्ट इमोजी भेजकर जैकलीन की तारीफ कर रहे हैं। लालबागचा राजा की भव्यता और आस्था का आलम हर साल लाखों लोगों को अपनी ओर खींचता है।
ये भी पढ़ें- रोमांस और कॉमेडी का कॉम्बो पैक है सिद्धार्थ मल्होत्रा-जाह्नवी कपूर की परम सुंदरी
जैकलीन फर्नांडिस का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो जैकलीन फर्नांडिस हाल ही में मल्टीस्टारर फिल्म ‘हाउसफुल 5’ में नजर आई थीं। फिल्म में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर समेत कई सितारे दिखाई दिए थे। साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनी यह फिल्म 6 जून को रिलीज हुई थी। अब जैकलीन फर्नांडिस अपनी अगली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की तैयारी में जुटी हैं, जिसका निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं।
