

Ishaan Khatter Jugaadu: ईशान खट्टर इन दिनों अपनी फिल्म होमबाउंड की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। अब अभिनेता ने अपने फैंस को एक और बड़ी खुशखबरी दी है। ईशान जल्द ही अपनी पहली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म जुगाड़ू में नजर आने वाले हैं। अभिनेता ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए इस नए प्रोजेक्ट की आधिकारिक जानकारी साझा की।
ईशान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के क्लैपरबोर्ड के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने फिल्म की शूटिंग शुरू होने का संकेत दिया। अभिनेता ने कैप्शन में लिखा कि दर्शक 'जुगाड़ू' के लिए तैयार हो जाएं, क्योंकि यह उनकी पहली ऐसी फिल्म होगी जिसमें वह कॉमेडी करते दिखाई देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी टीम बेहद जुनूनी और मेहनती है और वे दर्शकों के लिए एक शानदार मनोरंजक फिल्म लेकर आ रहे हैं।
ईशान की इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने भी उन्हें बधाई दी। जोया अख्तर ने कमेंट करते हुए बधाई हो लिखा। अभिनेता विशाल जेठवा ने भी फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। इसके अलावा टिस्का चोपड़ा और मोहित मलिक ने भी ईशान को शुभकामनाएं दीं।
फिल्म का निर्देशन पलाश वासवानी कर रहे हैं, जिन्हें गुल्लक और 'बड़ा नाम करेंगे' जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। फिल्म का मुहूर्त समारोह 30 अप्रैल को मुंबई में आयोजित किया गया था। खबरों के मुताबिक, फिल्म की मुख्य शूटिंग इस महीने के अंत तक पंजाब में शुरू होगी। फिल्म में ईशान खट्टर के साथ पंजाबी अभिनेत्री तानिया मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। खास बात यह है कि 'जुगाड़ू' के जरिए तानिया बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं।
फिल्म की स्टार कास्ट में अभिषेक बनर्जी, जमील खान, वैभव राज गुप्ता, यामिनी दास, सुखविंदर चहल और निर्मल ऋषि जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को टिप्स फिल्म्स और बावेजा स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है। इसके निर्माता रमेश तौरानी, पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और जया तौरानी हैं। वहीं फिल्म की सिनेमैटोग्राफी रंगराजन रामभद्रन संभाल रहे हैं।