

Honey Singh Maharashtra Cyber Summons: रैपर और सिंगर हनी सिंह की मुश्किलें थमने का नाम ही नहीं ले रही है। हनी सिंह फिर एक बार विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। महाराष्ट्र साइबर ने हनी सिंह को समन भेजा है।
दरअसल दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने से जुड़े मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें एक बार फिर से पूछताछ के लिए समन जारी किया है। साइबर सेल ने हनी सिंह को लेकर सख्त ऑर्डर दिए हैं।
महाराष्ट्र साइबर ने ये साफ कर दिया है कि अगर हनी सिंह इस बार पेश नहीं होते है, तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। हनी सिंह को 16 अक्टूबर को अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है। सूत्रों के अनुसार जानकारी मिली है कि अगर हनी सिंह इस बार भी पूछताछ के लिए नहीं आते है, तो उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले भी 3 बार हनी सिंह को समन भेजा जा चुका है, जिसके बाद भी वे पूछताछ के लिए नामौजूद रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हनी सिंह की ओर से विदेश में होने के कारण पेश नहीं हो पाने की बात कही गई थी। उन्होंने जांच एजेंसी से अतिरिक्त समय भी मांगा था। अब उन्हें एक और मौका दिया गया है। ऐसे में उनकी अगली पेशी और जांच एजेंसी के फैसले पर सबकी नजर है।
बता दें कि यह मामला जनवरी 2026 में दिल्ली में हुए हनी सिंह के एक कॉन्सर्ट से जुड़ा है। कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें रैपर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके बयान पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि वायरल वीडियो क्लिप को इस तरह एडिट किया गया, जिससे लोगों को उनकी बात आपत्तिजनक लगी।
उनका किसी को दुख पहुंचाने, अपमानित करने या ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। इस मामले में एक शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर के पास शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू हुई और हनी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया गया। सितंबर में हनी सिंह को नोटिस भेजकर जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।