राइट्स विवाद में फंसी अक्षय कुमार की ‘हेरा फेरी 3’, साउथ के निर्माता पहुंचे मद्रास हाईकोर्ट

Hera Pheri 3 Controversy: अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की ‘हेरा फेरी 3’ एक बार फिर विवादों में घिर गई है। राइट्स को लेकर साउथ के एक निर्माता ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया है।
Hera Pheri Franchise Legal Issue
हेरा फेरी 3 (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Hera Pheri Franchise Legal Issue: अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ की घोषणा के बाद से ही यह फिल्म किसी न किसी विवाद में उलझी हुई है। कभी कास्ट को लेकर तो कभी कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों को लेकर फिल्म सुर्खियों में रही। अब एक बार फिर यह बहुचर्चित फ्रेंचाइजी राइट्स विवाद की वजह से कानूनी पचड़े में फंस गई है।

दरअसल, साउथ की प्रोडक्शन कंपनी सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने ‘हेरा फेरी 3’ के मेकर्स के खिलाफ मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला फिल्म के ओरिजिनल राइट्स से जुड़ा हुआ है।

सिर्फ एक पार्ट बनाने का था अधिकार?

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, याचिका में दावा किया गया है कि फिरोज नाडियाडवाला के पास साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘हेरा फेरी’ (जो मलयालम फिल्म रामजी राव स्पीकिंग का हिंदी रीमेक थी) का केवल एक ही पार्ट बनाने का अधिकार था। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। हालांकि, इसके बावजूद नाडियाडवाला ने साल 2006 में ‘फिर हेरा फेरी’ बनाई और अब तीसरे पार्ट के राइट्स अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को बेच दिए गए हैं, जिस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

‘हमने फ्रेंचाइजी के सभी राइट्स खरीदे हैं’

सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड के एमडी जीपी विजय कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने साल 2022 में ‘रामजी राव स्पीकिंग’ के ओरिजिनल निर्माता आदित्य फिल्म्स से हेरा फेरी फ्रेंचाइजी के सभी राइट्स खरीदे थे। उनका दावा है कि आदित्य फिल्म्स ने ही उन्हें बताया था कि फिरोज नाडियाडवाला के पास सिर्फ पहला पार्ट बनाने का अधिकार था। उनके अनुसार, नाडियाडवाला को न तो सीक्वल, प्रीक्वल बनाने का अधिकार था और न ही किसी कैरेक्टर के इस्तेमाल का।

‘धोखाधड़ी का एहसास बाद में हुआ’

जीपी विजय कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘फिर हेरा फेरी’ के वक्त इस मामले पर कोई एक्शन इसलिए नहीं लिया गया, क्योंकि उस समय कॉपीराइट से जुड़ी चीजें पूरी तरह स्पष्ट नहीं थीं। बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उनके साथ गलत हुआ है।

अक्षय कुमार के जरिए खुला मामला

विजय कुमार ने बताया कि वह खुद अगला वर्जन हिंदी में बनाने की योजना बना रहे थे और इसके लिए अक्षय कुमार से संपर्क भी किया गया था। तभी उन्हें पता चला कि राइट्स पहले ही अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को बेचे जा चुके हैं। इसके बाद लीगल नोटिस भेजा गया और आखिरकार कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद का ‘हेरा फेरी 3’ की रिलीज और भविष्य पर क्या असर पड़ता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com