यामी गौतम-इमरान हाशमी की ‘हक’ थिएटर के बाद ओटीटी पर धमाल मचाने को तैयार, जानें कब होगी स्ट्रीम

Haq Movie OTT: यामी गौतम और इमरान हाशमी की कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘हक’ अब थिएटर के बाद OTT पर रिलीज के लिए तैयार है। ऐसे में चलिए जानते हैं कब और कहां स्ट्रीम होगी।
haq movie
यामी गौतम, इमरान हाशमी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Emraan Hashmi Haq Movie Release Date On OTT: यामी गौतम और इमरान हाशमी स्टारर मच अवेटेड फिल्म ‘हक’ अपनी घोषणा के बाद से ही सुर्खियों में बनी हुई थी। दमदार विषय और दो मजबूत कलाकारों की पहली ऑनस्क्रीन जोड़ी ने दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी थीं। यह गहन कोर्टरूम ड्रामा 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। भले ही फिल्म को थिएटर्स में मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली हो, लेकिन इसके कंटेंट और परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा लगातार बनी रही।

दरअसल, फिल्म में यामी गौतम ने शाजिया बानो का किरदार निभाया है, जो एक साधारण गृहिणी है। वहीं इमरान हाशमी उनके पति और पेशे से वकील अब्बास के रोल में नजर आए हैं। दोनों कलाकारों की एक्टिंग को दर्शकों और क्रिटिक्स ने काफी सराहा। खासतौर पर यामी के सशक्त और भावनात्मक अभिनय ने फिल्म को मजबूती दी। थिएटर में फिल्म न देख पाने वाले दर्शक इसके OTT रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

OTT कब और कहां रिलीज होगी ‘हक’?

अब दर्शकों के लिए खुशखबरी है। ‘हक’ 2 जनवरी, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। OTT पर आने के बाद यह फिल्म ज्यादा बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंच सकेगी और एक बार फिर अपने संवेदनशील विषय को लेकर चर्चा में आएगी।

शाह बानो केस से प्रेरित है कहानी

‘हक’ की कहानी भारत के ऐतिहासिक शाह बानो केस से प्रेरित है। फिल्म आस्था बनाम धर्मनिरपेक्ष कानून, लैंगिक समानता, महिलाओं के अधिकार और व्यक्तिगत पहचान जैसे गंभीर मुद्दों को उठाती है। यह समकालीन भारत में व्यक्तिगत धार्मिक मान्यताओं और संवैधानिक अधिकारों के बीच टकराव को प्रभावी ढंग से दर्शाती है।

कहानी में क्या है खास

फिल्म में शाजिया बानो (यामी गौतम) एक गृहिणी हैं, जिन्हें उनके पति अब्बास (इमरान हाशमी) तीन तलाक देकर छोड़ देते हैं। पति न सिर्फ उन्हें बल्कि बच्चों को भी छोड़कर चला जाता है और आर्थिक मदद देना बंद कर देता है। इसके बाद शाजिया अपने हक के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाती हैं। उनकी यह निजी लड़ाई 1980 के दशक में महिलाओं के अधिकार, धर्म और न्याय से जुड़ी एक बड़ी राष्ट्रीय बहस में बदल जाती है।

फिल्म का निर्देशन सुपन वर्मा ने किया है, जबकि इसकी पटकथा रेशु नाथ ने लिखी है। मजबूत स्क्रिप्ट, दमदार संवाद और सशक्त अभिनय के दम पर ‘हक’ OTT पर एक बार फिर दर्शकों को सोचने पर मजबूर करने वाली फिल्म साबित हो सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com