

Anupriya Nagar Hanuman Ansh 2 Casting Clarification: नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी यात्रा पर आधारित आध्यात्मिक फिल्म 'हनुमान अंश' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। कम बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में दर्शकों का ऐसा दिल जीता कि इसकी सफलता के चर्चे हर तरफ हो रहे हैं। फिल्म की पॉपुलेरिटी के बीच इसके सीक्वल को लेकर भी फैंस के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक खबर आग की तरह फैल गई कि बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार 'हनुमान अंश 2' में मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आ सकते हैं। इस खबर के सामने आते ही लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था, लेकिन अब फिल्म मेकर्स ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है।
इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब फिल्म की को-प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने एक हा ही के इंटरव्यू में अक्षय कुमार को अपना पसंदीदा एक्टर बताया था। बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या अक्षय कुमार फिल्म के अगले पार्ट में दिखाई देंगे, तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया था कि यह बात तो महाराज जी ही बता सकते हैं।
अनुप्रिया नागर के इस बयान को सोशल मीडिया पर मौजूद फैंस ने गलत समझ लिया और इसे 'हनुमान अंश 2' में अक्षय कुमार की एंट्री का पक्का हिंट मान लिया। देखते ही देखते यह खबर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी कि अक्षय कुमार इस फ्रेंचाइजी में शामिल होने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ती अफवाहों को देखकर फिल्म मेकर अनुप्रिया नागर ने फौरन स्थिति साफ करने का फैसला किया। एक नए इंटरव्यू में उन्होंने अक्षय कुमार की कास्टिंग से जुड़ी तमाम खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने सीक्वल में अक्षय कुमार के शामिल होने को लेकर कोई पुष्टि नहीं की थी।
अनुप्रिया नागर ने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने सिर्फ अपने पसंदीदा एक्टिंग का नाम लिया था, जिसे गलत तरीके से फिल्म के सीक्वल से जोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार के दूसरे पार्ट में होने की खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और असत्य हैं। निर्माता की इस सफाई के बाद अब कास्टिंग को लेकर चल रही सभी अफवाहों पर विराम लग गया है।
डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की फिल्म हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। बेहद कम बजट में निर्मित इस फिल्म में एक्टर शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा और पूर्णिमा तिवारी ने उनकी पत्नी का रोल बड़ी सादगी से निभाया है।
मेकर्स ने पहले ही साफ कर दिया है कि फिल्म एक ट्रिलॉजी यानी तीन हिस्सों की श्रृंखला में बनाई जा रही है। डायरेक्टर के अनुसार फिल्म के दूसरे भाग की कहानी पर काम पहले ही शुरू हो चुका है। सीक्वल में नीम करोली बाबा के जीवन के आगे के पड़ाव, उनके चमत्कारों और आध्यात्मिक यात्रा को और अधिक विस्तार से बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा।