Gracy Singh Birthday: 'लगान' की गोरी बनकर रातोंरात बनीं स्टार, शुरुआती करियर में दीं दो ब्लॉकबस्टर फिल्में

Gracy Singh Career: लगान से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली ग्रेसी सिंह आज अपना 46वां जन्मदिन मना रही हैं। लगान, गंगाजल और मुन्ना भाई MBBS जैसी हिट फिल्मों के बाद उनका करियर धीरे-धीरे फीका पड़ गया।
gracy singh birthday lagaan actress success story munna bhai mbbs
ग्रेसी सिंह (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Gracy Singh Birthday Special Story: बॉलीवुड एक्ट्रेस ग्रेसी सिंह आज अपना 46वां जन्मदिन मना रही हैं। ग्रेसी सिंह का जन्म 20 जुलाई 1980 को नई दिल्ली में हुआ था। ग्रेसी ने अपने सादगी भरे अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। खासतौर पर आमिर खान की फिल्म 'लगान' में निभाया गया 'गौरी' का किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है।

साल 2001 में रिलीज हुई ग्रेसी सिंह की 'लगान' न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई, बल्कि इसे ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भी नामांकित किया गया था। इस फिल्म ने ग्रेसी सिंह को रातोंरात स्टार बना दिया। 'लगान' की सफलता के बाद ग्रेसी सिंह को बॉलीवुड में कई बड़े प्रोजेक्ट मिलने लगे।

शुरुआत में दीं लगातार हिट फिल्में

ग्रेसी सिंह ने अजय देवगन के साथ 'गंगाजल' और संजय दत्त के साथ सुपरहिट फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' में काम किया। इन फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा। इसके अलावा वह 'मुस्कान' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। हालांकि शुरुआती सफलता के बाद उनका फिल्मी करियर धीरे-धीरे रफ्तार खोने लगा और उन्हें बड़े बैनर की फिल्में मिलनी कम हो गईं।

टीवी से शुरू किया था अभिनय का सफर

बहुत कम लोग जानते हैं कि ग्रेसी सिंह ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्मों से नहीं, बल्कि टेलीविजन से की थी। उन्होंने साल 1997 में टीवी सीरियल 'अमानत' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद ग्रेसी सिंह ने 1999 में फिल्म 'हु तू तू' से बॉलीवुड में एंट्री की, लेकिन असली पहचान उन्हें 'लगान' से मिली।

घमंडी होने का भी लगा था टैग

ग्रेसी सिंह लंबे समय से बॉलीवुड से दूर हैं और अब बेहद निजी जिंदगी जी रही हैं। एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें इंडस्ट्री में 'घमंडी अभिनेत्री' कहकर बुलाया जाने लगा। आमिर खान की 'लगान' में गांव की शांत और संकोची लड़की का किरदार निभाने के बाद वह वास्तविक जीवन में भी काफी शांत और कम बोलने वाली हो गई थीं। लोगों से कम बातचीत करने की उनकी आदत को कई लोगों ने गलत समझ लिया और उन्हें घमंडी का टैग दे दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com