‘गोंधल’ की देशभर में रिलीज का ऐलान, 13 नवंबर को हिंदी समेत 6 भाषाओं में दिखाई जाएगी फिल्म

Gondhal Movie Release Date: ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुनी गई फेमस मराठी लोक-थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' अब आने वाली 13 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Gondhal Movie Release Date
फिल्म गोंधल(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • 13 नवंबर को संतोष दावखर की मराठी लोक-थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

  • मराठी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज होगी।

  • फिल्म को 99वें अकादमी पुरस्कारों के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में चुना गया है।

Marathi Movie Gondhal Release Date: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों क्षेत्रीय कहानियों का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है और ऐसी ही एक अनोखी कहानी ने ग्लोबल मंच पर देश का मान बढ़ाया है।

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 99वें अकादमी पुरस्कार के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुने जाने के बाद डायरेक्टर संतोष दावखर की फेमस फिल्म 'गोंधल' अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ऑस्कर की रेस के बाद देशभर के सिनेमाघरों में भव्य रिलीज

फिल्म इंडस्ट्री में जब किसी क्षेत्रीय कला को वैश्विक स्तर पर तारीफ मिलती है, तो उसका प्रभाव दर्शकों पर गहरा पड़ता है। यही वजह है कि ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने का गौरव हासिल करने के बाद इस फिल्म को लेकर क्रेज अपने चरम पर है।

दावखर फिल्म्स के बैनर तले तैयार हुई इस फिल्म को देश भर के दर्शकों तक पहुँचाने के लिए मेकर्स ने इसे एक साथ 6 भाषाओं में रिलीज करने का फैसला किया है। यह फिल्म मराठी के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ जैसी प्रमुख भाषाओं में बड़े पर्दे पर उतारी जाएगी, ताकि हर क्षेत्र का दर्शक इस अनोखी कहानी से जुड़ सके।

ग्रामीण संस्कृति और रहस्यमयी अनुष्ठान की कहानी

फिल्म की कहानी महाराष्ट्र के एक ग्रामीण इलाके की कहानी पर आधारित है, जहां परंपरा और अपराध का एक खतरनाक मेल देखने को मिलता है। कहानी का फोकस सुमन नाम की एक ऐसी युवती है जो अपने दमघोंटू और घुटन भरे शादीशुदा जीवन से मुक्ति पाने की छटपटाहट में जी रही है।

इस दलदल से निकलने के लिए वह अपने प्रेमी सर्जेराव की पारंपरिक लोक-अनुष्ठान के प्रति गहरी कट्टरता और अंधविश्वास का इस्तेमाल करती है। रात के सन्नाटे में होने वाले इस पवित्र अनुष्ठान के दौरान सत्ता के समीकरण और छिपे हुए षड्यंत्र किस तरह बाहर आते हैं, यही इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण है।

Gondhal Movie Release Date
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग केस में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कनेक्शन? कोटा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी ये जानकारी

मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को मिला बड़ा मौका

99वें ऑस्कर अवॉर्ड्स 2027 के लिए भारत की ओर से चुने जाने के बाद इस फिल्म को लेकर क्रेज कई गुना बढ़ गया है। इसी बीच देश के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस में शुमार होम्बले फिल्म्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस फिल्म को रिलीज करने का बड़ा ऐलान कर दिया है, जिससे यह क्षेत्रीय फिल्म दुनिया के हर कोने में मौजूद दर्शकों तक पहुंच सकेगी।

दिग्गज एक्टर्स और म्यूजिक का बेहतरीन संगम

फिल्म गोंधल में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते नजर आएंगे।

इसके अलावा, इस पूरी सिनेमैटिक यात्रा में संगीत का जादू बिखेरने का काम फेमस म्यूजिक कंपोजर इलैयाराजा ने किया है, जबकि अमलेंदु चौधरी की सिनेमैटोग्राफी ने हर एक सीन में जान फूंकने का काम किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com