

Gondhal Global Release: भारतीय सिनेमा के लिए एक बेहद गर्व का पल सामने आया है। देश भर में समीक्षकों और दर्शकों की तारीफ बटोरने वाली मराठी फोक-थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' अब ग्लोबली अपना परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
99वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2027) के लिए भारत की ओर से चुने जाने के बाद इस फिल्म को लेकर क्रेज कई गुना बढ़ गया है। इसी बीच देश के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस में शुमार होम्बले फिल्म्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस फिल्म को रिलीज करने का बड़ा ऐलान कर दिया है, जिससे यह क्षेत्रीय फिल्म दुनिया के हर कोने में मौजूद दर्शकों तक पहुंच सकेगी।
संतोष दावखर के लेखन और डायरेक्शन में बनी फिल्म 'गोंधल' ग्रामीण महाराष्ट्र के पारंपरिक और रहस्यमयी अनुष्ठानों की कहानी पर आधारित है। रात के अंधेरे में होने वाले इन अनुष्ठानों के साथ फिल्म में इंसानी जुनून, अटूट विश्वास, सत्ता की ताकत और छल-कपट का ऐसा ताना-बाना बुना गया है जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है।
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी और निषाद भोईर जैसे मंजे हुए कलाकारों ने अपनी एक्टिंग से जान फूंक दी है। इसके अलावा संगीत के महानायक इलैयाराजा के दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक ने इस सांस्कृतिक थ्रिलर को एक अलग ही ऊंचाई प्रदान की है।
रिलीज के बाद से ही इस फिल्म ने न केवल आम दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कई फेमस अवॉर्ड भी अपने नाम किए। 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में इस फिल्म के लिए संतोष दावखर को बेस्ट डायरेक्टर के सम्मान से सम्मानित हो चुके है।
इस फिल्म की प्रामाणिक सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, दमदार कहानी और विजुअल डेप्थ के कारण ही इसे ऑस्कर 2027 के लिए 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' कैटेगरी में भारत की ओर से चुना गया है। फिल्म की इस अभूतपूर्व सफलता ने मराठी सिनेमा को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दी है।
'केजीएफ' फ्रेंचाइजी, फिल्म 'कांतारा' और 'सालार' जैसी ब्लॉकबस्टर पैन-इंडिया फिल्में देने वाले प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने अब 'गोंधल' के ओवरसीज थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन की पूरी कमान संभाल ली है।