जुनैद खान और साई पल्लवी (फोटो- सोशल मीडिया)
Ek Din Poster Release: वैलेंटाइन डे के खास मौके पर आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘एक दिन’ का नया पोस्टर जारी कर फैंस को सरप्राइज दिया है। इस रोमांटिक फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी पहली बार साथ नजर आने वाले हैं। पोस्टर में दोनों की सादगी भरी केमिस्ट्री ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
रिलीज हुए पोस्टर में एक शांत सुपरमार्केट का दृश्य दिखाया गया है, जहां जुनैद खान और साई पल्लवी आमने-सामने खड़े हैं। साई के हाथ में एक मफिन है, जिस पर एक छोटी सी मोमबत्ती जल रही है। यह छोटा-सा लेकिन दिल छू लेने वाला पल फिल्म की कोमल और जादुई प्रेम कहानी की झलक देता है। पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा कि बस एक दिन ही काफी है। टीजर अब आउट। देखिए एक दिन सिर्फ सिनेमाघरों में, 1 मई 2026 को। इस कैप्शन ने साफ कर दिया है कि फिल्म अगले साल 1 मई 2026 को रिलीज होगी।
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है आमिर खान और मंसूर खान का रीयूनियन। यह वही सुपरहिट जोड़ी है जिसने हिंदी सिनेमा को ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वहीं सिकंदर’ और ‘जाने तू या जाने ना’ जैसी यादगार फिल्में दी हैं। अब लंबे समय बाद दोनों फिर से एक रोमांटिक कहानी लेकर लौटे हैं। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने संभाली है।
टीजर रिलीज के बाद से ही दर्शकों को जुनैद खान का शर्मीला और अनाड़ी अंदाज बेहद पसंद आ रहा है। वहीं साई पल्लवी की सादगी और नैचुरल स्क्रीन प्रेजेंस उनके किरदार को खास बना रही है। दोनों की केमिस्ट्री फिल्म की जान मानी जा रही है। ‘एक दिन’ एक ऐसी प्रेम कहानी का वादा करती है जो रिश्तों की सादगी और जज्बातों की गहराई को खूबसूरती से पेश करेगी। अब फैंस को 1 मई 2026 का बेसब्री से इंतजार है, जब यह जादुई लव स्टोरी बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।