दृश्यम 3 की एडवांस बुकिंग में ढाया गदर, रिलीज से 3 दिन पहले बिके 2.20 लाख टिकट, पहले दिन होगी रिकॉर्डतोड़ कमाई

Drishyam 3 Advance Booking: अजय देवगन की क्राइम-ड्रामा फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' ने रिलीज से 3 दिन पहले ही एडवांस बुकिंग में रिकॉर्ड 2.20 लाख से ज्यादा टिकट बेचकर धमाकेदार शुरुआत कर दी है।
Drishyam 3 Booking Collection
अजय देवगन(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Drishyam 3 Booking Collection: बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत स्टारर फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म गांधी जयंती के खास मौके पर 2 अक्टूबर को दर्शकों के सामने होगी।

विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी को आगे देखने के लिए फैंस के बीच भारी एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही फिल्म की प्री-सेल्स रिपोर्ट ने बॉक्स ऑफिस पर हलचल पैदा कर दी है।

एडवांस बुकिंग में बिके 2 लाख से ज्यादा टिकट

बीते शनिवार देर शाम से शुरू हुई एडवांस बुकिंग को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। मंगलवार सुबह तक केवल ओपनिंग डे के लिए ही 2.20 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। शुरुआती वीकेंड के लिए फिल्म ने अब तक ब्लॉक सीटों को मिलाकर 17 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

बिना ब्लॉक सीटों के भी प्री-सेल्स का आंकड़ा 10.86 करोड़ रुपये पार कर चुका है। रिलीज में अभी 3 दिन बाकी होने के कारण माना जा रहा है कि यह आंकड़ा बहुत तेजी से आगे बढ़ेगा।

महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा क्रेज

फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' के टिकटों की बिक्री के मामले में देश के अलग-अलग राज्यों से बेहतरीन आंकड़े सामने आ रहे हैं। राज्यों की लिस्ट में महाराष्ट्र सबसे आगे है, जहां से अब तक 2.87 करोड़ रुपये से ज्यादा की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। इसके बाद दिल्ली और गुजरात का नंबर आता है।

शहरों की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में टिकटों की बिक्री सबसे तेज देखने को मिली है, जहां से अकेले 2.14 करोड़ रुपये की बुकिंग हो चुकी है। मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में भी सिनेमाघरों में बुकिंग की रफ्तार काफी तेज है।

Drishyam 3 Booking Collection
'द वन' ने मंडे टेस्ट किया पास, सिद्धार्थ और तमन्ना की फिल्म ने 4 दिनों में पार किया 50 करोड़ का आंकड़ा

क्या रिलीज के पहले ही दिन 50 करोड़ का आंकड़ा छू पाएगी फिल्म

साल 2015 में आई अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम' के बाद साल 2022 में 'दृश्यम 2' ने 239 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर ब्लॉकबस्टर सफलता हासिल की थी। इस बार मेकर्स ने साफ किया है कि तीसरे पार्ट की कहानी मलयालम वर्जन से पूरी तरह अलग होगी, जिससे लोगों की उत्सुकता दोगुणी हो गई है। लगभग 80 करोड़ से ज्यादा के बजट में बनी यह फिल्म अपनी आधी लागत पहले दिन ही निकालने की स्थिति में नजर आ रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com