

Ajay Devgn Drishyam 3 CBFC Certificate: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेशन से जुड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने 28 सितंबर को फिल्म को रिलीज के लिए मंजूरी दे दी है।
खास बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में किसी तरह के कट या ऑडियो-विजुअल बदलाव की मांग नहीं की है। फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है। सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के साथ ही फिल्म के रनटाइम की जानकारी भी सामने आ गई है।
'दृश्यम 3' का रनटाइम 150 मिनट यानी 2 घंटे 30 मिनट है। इस तरह यह फिल्म 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की दूसरी सबसे लंबी फिल्म बन गई है। फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 'दृश्यम' का रनटाइम 162 मिनट यानी 2 घंटे 42 मिनट था। वहीं 'दृश्यम 2' 142 मिनट यानी 2 घंटे 22 मिनट लंबी थी। अब तीसरे पार्ट का रनटाइम इन दोनों फिल्मों के बीच है।
'दृश्यम' फ्रेंचाइजी में अजय देवगन विजय सालगांवकर का किरदार निभाते आए हैं। पहले दोनों पार्ट में उनके किरदार को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब तीसरे पार्ट में विजय की कहानी किस मोड़ पर पहुंचती है, यह देखने के लिए दर्शक उत्साहित हैं। फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकार नजर आएंगे। 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
फिल्म की स्टारकास्ट में एक बड़ा बदलाव भी हुआ है। 'दृश्यम 2' में नजर आए अक्षय खन्ना तीसरे पार्ट का हिस्सा नहीं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को लेकर मेकर्स और अक्षय खन्ना के बीच फीस से जुड़ी बातचीत पर सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद वह प्रोजेक्ट से अलग हो गए। इसके बाद मेकर्स ने जयदीप अहलावत को फिल्म में शामिल किया। अब जयदीप तीसरे पार्ट में एक नए किरदार के साथ नजर आएंगे। सेंसर बोर्ड से बिना कट पास होने के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।