LIVE: पंचतत्व में विलीन हुए धर्मेंद्र, परिवार पहुंचा घर, पीएम मोदी समेत सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

Dharmendra Death News: दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का सोमवार सुबह निधन हो गया। जुहू स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। विले पार्ले श्मशान भूमि पर सनी देओल ने दी मुखाग्नि। अमिताभ बच्चन भी अंतिम दर्शन को पहुँचे।
बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र इस दुनिया में नहीं रहे, विले पार्ले श्‍मशान भूमि पर हुआ अंतिम संस्‍कार
धर्मेंद्र के न‍िधन से बॉलीवुड में शोक, अमिताभ और अभिषेक बच्चन ने दी अंतिम विदाई

Dharmendra Death LIVE Update: बॉलीवुड के दिग्‍गज और सदाबहार एक्‍टर धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। सोमवार सुबह उनका न‍िधन हो गया। बताया जाता है कि अभिनेता की तबीयत अचानक ब‍िगड़ गई, जिसके बाद उन्होंने अपने जुहू स्थित घर पर अंतिम सांस ली। इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। दुख की इस घड़ी में परिवार की ओर से फिलहाल कोई आध‍िकार‍िक बयान जारी नहीं किया गया है।

शाहरुख खान ने धर्मेंद्र को बताया पिता समान, बोले- फिल्मों के जरिए अमर रहेंगे आप

बॉलीवुड के किंग खान ने धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है, उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, रेस्ट इन पीस धरम जी। आप मेरे लिए पिता जैसे थे… आपने जिस तरह से मुझे आशीर्वाद और प्यार दिया, उसके लिए धन्यवाद। यह न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि दुनिया भर के सिनेमा और फिल्म प्रेमियों के लिए एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है। आप अमर हैं… और आपकी आत्मा आपकी फिल्मों और आपके खूबसूरत परिवार के ज़रिए हमेशा ज़िंदा रहेगी। हमेशा प्यार।

धर्मेंद्र जी का जाना मनोरंजन जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है: अनिल रस्तोगी

अभिनेता अनिल रस्तोगी ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि धर्मेंद्र जी का जाना मनोरंजन जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा, "मैं इंडस्ट्री में बहुत बड़ा नाम तो नहीं हूं, लेकिन मैंने भी फिल्मों में काम किया है और बड़े-बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया है। मैं कह सकता हूं कि धर्मेंद्र जी का जाना पूरे फिल्म जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

अभिनेता ने आगे कहा, "धरम जी ने अपनी बीमारी की वजह से कुछ समय से काम करना बंद कर दिया था, और मैंने कहीं पर पढ़ा था कि धर्मेंद्र जी ने 87-88 की उम्र में भी दो फिल्में की हैं और सुना है कि उनकी एक फिल्म अभी जल्द ही रिलीज होने वाली है, तो ये उनका जीवन था, और मैं 82 साल की उम्र में भी काम कर रहा हूं और मैं ये सोचता हूं कि मैं बहुत उम्र में काम कर रहा हूं।

उन्होंने धर्मेंद्र के अभिनय की तारीफ करते हुए आगे कहा, "सबसे अच्छी बात तो ये है कि वे अपने जमाने के शानदार हीरो तो थे ही, साथ में उन्होंने कैरेक्टर आर्टिस्ट के तौर पर भी अच्छा काम किया है। धर्मेंद्र जी ने यमला पगला दिवाना समेत कुछ फिल्मों में कैरेक्टर आर्टिस्ट के तौर पर काम किया और शानदार अभिनय किया था।"

फरहान अख्तर और प्रीति जिंटा पहुंचे धर्मेंद्र के घर

धर्मेंद्र के निधन के बाद बॉलीवुड के कलाकारों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। एक्ट्रेस प्रीति जिंटा, तुषार कपूर और फरहान अख्तर भी इस दुख की घड़ी में देओल परिवार के साथ खड़े नजर आए।

अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर भावुक हुए सनी हिंदुजा, कहा- धर्मेंद्र जी बॉलीवुड के आइकन थे

अभिनेता सनी हिंदुजा ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अभिनेता को बॉलीवुड का आइकन बताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।

अभिनेता ने कहा, "धरम जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। ये दुखद खबर सिर्फ हमारे लिए नहीं, बल्कि पूरे मनोरंजन जगत के लिए एक शोक की खबर है, और मैं तो उनकी फिल्में देखकर ही बड़ा हुआ हूं और सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनके दोनों बेटों की, और उनका पूरा परिवार ही हमारे लिए एक प्रेरणा रहा है। मैं बस उनके परिवार को दिल से संवेदना देना चाहता हूं। मैं भगवान से प्रार्थना करना चाहता हूं कि भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और एक अच्छा स्थान प्रदान करें।

उन्होंने आगे कहा, "मैं दिल से देओल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और भगवान से उनके लिए प्रार्थना करता हूं कि वे धर्मेंद्र जी की आत्मा को शांति दें और उन्हें अच्छा स्थान प्राप्त हो।"

मनीष मल्होत्रा ने धर्मेंद्र को किया याद, सुनाया 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के सेट का दिलचस्प किस्सा

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने धर्मेंद्र से जुड़ी खास यादों को आईएएनएस संग साझा किया और 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के सेट का दिलचस्प किस्सा सुनाया।

मनीष मल्होत्रा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "धर्मेंद्र जी के निधन की खबर सुनकर मैं काफी दुखी हूं, क्योंकि वह मेरे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक थे। उनके चेहरे पर हमेशा एक अलग चमक रहती थी, जो उन्हें दूसरे कलाकारों से अलग बनाती थी। मैंने उनकी लगभग सभी फिल्में देखी हुई हैं। वह न सिर्फ शानदार अभिनेता थे, बल्कि उनका स्टाइल, उनकी पर्सनैलिटी और उनकी स्क्रीन प्रेसेंस ऐसी थी जिसे भुलाया नहीं जा सकता।"

मनीष ने अपने उस यादगार पल को भी साझा किया जब वह पहली बार धर्मेंद्र से सेट पर मिले थे। उन्होंने बताया, ''करण जौहर ने मुझे 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की शूटिंग के दौरान धर्मेंद्र से मिलवाया था। उस दौरान धर्मजी कुछ देर तक मुझे देखते रहे और फिर मुस्कुराकर बोले, 'मैं आपको कितने सालों से देख रहा हूं, आप बहुत काम करते हैं, मैंने आपका काम टीवी पर देखा है।' यह सुनकर मैं भावुक हो गया था, क्योंकि उनके जैसे महान अभिनेता का मुझे पहचानना किसी सम्मान से कम नहीं था।''

उन्होंने कहा कि वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें धर्मेंद्र के साथ काम करने का मौका मिला।

धर्मेंद्र के घर पहुंचीं रेखा और काजोल, जायद खान भी रहे मौजूद

धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद रेखा धर्मेंद्र के घर उनके परिवार के पास पहंची हैं। वीडियो में काजोल भी धर्मेंद्र के घर पहुंचते हुए दिखाई दी हैं। दुख की घड़ी में जायद खान भी देओल परिवार के साथ खड़े होने के लिए धर्मेंद्र के घर पहुंचे हैं।

राजकीय समान के साथ नहीं हुआ धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार!

पद्म भूषण से सम्मानित धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार जल्दबाजी में बिना राजकीय सम्मान के किया गया। सूत्रों के अनुसार, परिवार ने प्रशासन को सूचना नहीं दी और न ही अनुरोध किया।

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पहुंचे दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र के घर

धर्मेंद्र पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र के घर पहुंचे हैं। इस दुख की घड़ी में वो परिवार के साथ अपनी संवेदना जताने पहुंचे हैं।

Shilpa Shetty Raj Kundra At Dharmendra House

धर्मेंद्र की संपत्ति का असली वारिस कौन?

धर्मेंद्र की 450 करोड़ की संपत्ति का वारिस कौन? 2023 सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत, हेमा मालिनी की बेटियां ईशा और आहना भी अपने 4 भाई-बहनों के बराबर की हिस्सेदार होंगी। अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़ें पूरी खबर।

धर्मेंद्र के निधन पर इमोशनल हुए फैंस

फैंस ने नम आँखों से अपने प्रिय अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। कई प्रशंसकों ने धर्मेंद्र की तस्वीरें, फूल और मालाएं लेकर उनके घर के बाहर खड़े होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

एक फैन ने भावुक होते हुए कहा, "धर्मेंद्र जी सिर्फ एक्टर नहीं थे, वह हमारे परिवार का हिस्सा थे। उनका जाना एक व्यक्तिगत क्षति है।" दूसरे फैन ने कहा, "हमने बड़े पर्दे पर उनके हर किरदार को जिया है, उनके जैसा कलाकार और इंसान अब शायद ही कोई हो।"

धर्मेंद्र के निधन की खबर सुनकर अंतिम दर्शन करने पहुंचे फैंस

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर सुनकर पूरे देश के उनके चाहने वाले और फैंस गहरे सदमे में हैं। सोमवार सुबह जुहू स्थित उनके घर पर अंतिम साँस लेने के बाद, दोपहर तक उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा।

अपने चहेते 'ही-मैन' को आखिरी बार देखने के लिए दूर-दराज से आए अनगिनत प्रशंसक जुहू स्थित उनके घर के बाहर जमा हो गए। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।

धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद आया हेमा और ईशा का पहला वीडियो

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया है। धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद हेमा मालिनी का पहला वीडियो सामने आया है। जिसमें वो हाथ जोड़ती दिख रही हैं। उनके बगल में बैठी बेटी ईशा देओल भी मीडिया के सामने हाथ जोड़ती दिख रही हैं।

hema malini on Dharmendra Death

धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार में पहुंचे शाहरुख खान

धर्मेंद्र के निधन की खबर मिलते ही उनके अंतिम संस्कार में शाहरुख खान पहुंचे हैं।

धर्मेंद्र के निधन पर टूटे कपिल शर्मा, लिखा- दूसरी बार पिता को खो दिया

कॉमेडी किंग कपिल शर्मा ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है, इंस्टाग्राम पर कपिल ने भावुक पोस्ट लिखा है, कपिल ने लिखा उन्होंने दोबारा पिता को खो दिया है।

शिल्पा शेट्टी भी धर्मेंद्र के निधन पर हुईं भावुक

शिल्पा शेट्टी ने भी धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया, एक्ट्रेस ने इंस्टा पर दिवंगत अभिनेता संग अपनी एक तस्वीर शेयर कर एक्टर को श्रद्धांजलि दी।

धर्मेंद्र के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, लिखा सिनेमा के एक युग का हुआ अंत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया है। एक्टर के निधन को उन्होंने सिनेमा के लिए एक युग का अंत बताया है। साथ ही उन्होंने धर्मेंद्र के परिवार के लिए अपनी ओर से सांत्वना जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा, धर्मेंद्र जी के जाने से इंडियन सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक ज़बरदस्त एक्टर थे जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति।

धर्मेंद्र को आखिरी विदाई देने पहुंचे अनिल कपूर

दिग्गज सुपरस्टार धर्मेंद्र उर्फ धरम पाजी की अंतिम विदाई में दिखे दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर।

अक्षय कुमार ने धर्मेंद्र को सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार ने भी धर्मेंद्र को एक्स पर पोस्ट कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। ट्विटर पर अक्षय कुमार ने लिखा, बड़े होते हुए, धर्मेंद्र जी ऐसे हीरो थे जैसा हर लड़का बनना चाहता था…हमारी इंडस्ट्री के ओरिजिनल ही-मैन। पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद। आप अपनी फिल्मों और आपके फैलाए गए प्यार के ज़रिए ज़िंदा रहेंगे। ओम शांति।

करण जौहर ने धर्मेंद्र के निधन पर जताया शोक, इंस्टाग्राम पोस्ट में बोले- 'एक ईरा का अंत हो गया'

बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। तमाम फिल्मी हस्तियाँ सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रही हैं।

इसी कड़ी में, फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर ने भी धर्मेंद्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि यह एक युग का अंत है।

पिता को अंतिम विदाई देने पहुंची ईशा देओल

धर्मेंद्र के निधन की खबर सुनकर बेटी ईशा देओल भी पिता को अंतिम विदाई देने पहुंची, विले पार्ले के श्मशान घाट पर धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया।

अमिताभ बच्चन ने दी अंतिम विदाई

दिग्‍गज एक्‍टर को अंतिम प्रणाम करने और परिवार को सांत्वना देने के लिए श्मशान भूमि पर कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं। उनके पुराने को-स्‍टार और दोस्त अमिताभ बच्‍चन अपने बेटे अभिषेक बच्‍चन के साथ उन्‍हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।

विले पार्ले में अंतिम संस्‍कार

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे धर्मेंद्र के जुहू स्थित आवास पर एंबुलेंस पहुँची। उनका पार्थिव शरीर कुछ देर बाद विले पार्ले श्मशान भूमि ले जाया गया। परिवार और फिल्‍म इंडस्‍ट्री के दिग्गजों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार हुआ। बड़े बेटे सनी देओल ने अपने पिता को मुखाग्‍न‍ि दी। इस दौरान पूरा परिवार सदमे में और भावुक नजर आया।

संबंधित खबरें

No stories found.
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com