शत्रुघ्न सिन्हा ने देवानंद को बताया सदाबहार और स्टाइलिश हीरो, सोशल मीडिया पर उमड़ा प्यार
Dev Anand Death Anniversary: देवानंद की पुण्यतिथि पर शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि देवानंद की सलाह और यादें आज भी दिल के करीब हैं।
- Written By: सोनाली झा
शत्रुघ्न सिन्हा ने देवानंद को बताया सदाबहार और स्टाइलिश हीरो
Shatrughan Sinha On Dev Anand Tribute: हिंदी सिनेमा के इतिहास में देवानंद का नाम ऐसे सितारे के रूप में दर्ज है, जिनकी चमक समय के साथ कभी फीकी नहीं पड़ी। अपनी मुस्कान, अंदाज़, चार्म और बेहतरीन अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर दशकों तक राज किया। आज भी लोग उन्हें बॉलीवुड का सदाबहार हीरो कहकर याद करते हैं। मंगलवार को देवानंद की पुण्यतिथि के मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अभिनेता जैकी श्रॉफ और शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर देवानंद की यादों को ताज़ा किया। दोनों ने इंस्टाग्राम और एक्स पर उनकी पुरानी तस्वीरें साझा कीं और भावुक संदेश लिखे। शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “देव साहब को दिल से याद कर रहे हैं। देवानंद आज भी सबसे स्टाइलिश और सदाबहार हीरो माने जाते हैं। आपकी बातें और सलाह आज भी मेरे दिल के बेहद करीब हैं। देव साहब अमर रहें।” उनके इस संदेश पर फैंस ने भी देवानंद को याद करते हुए सम्मान प्रकट किया।
देवानंद का करियर
देवानंद का करियर भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर की एक खूबसूरत कहानी है। देवानंद ने एक्टर ही नहीं बल्कि लेखक, निर्देशक और निर्माता के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई। अपने करियर में वह 100 से अधिक फिल्मों में नजर आए। शुरुआत छोटे किरदारों से हुई, लेकिन 1948 की फिल्म ‘जिद्दी’ ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद ‘काला पानी’, ‘गाइड’, ‘जॉनी मेरा नाम’, ‘सीआईडी’ और ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ जैसी फिल्मों ने उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। ‘काला पानी’ और ‘गाइड’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।
सम्बंधित ख़बरें
इंडियन आइडल 16 का खिताब ज्योतिर्मयी नायक के नाम, कैंसर मरीजों को म्यूजिक थेरेपी देने वाली सिंगर ने रचा इतिहास
लंकेश के किरदार में ढलने के लिए यश ने किया खास अभ्यास, बोले- शिव के गीत सुनकर ही मिलता था सही भाव
‘जन नायकन’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ क्लब में एंट्री, कई फिल्मों को छोड़ा पीछे
सिर्फ लव स्टोरी नहीं, हीलिंग और भरोसे की मिसाल बनी ‘डियर कॉमरेड’, 7 साल बाद भी याद किए जा रहे ये यादगार सीन
देवानंद का निजी जीवन
साल 2001 में उन्हें पद्म भूषण और 2002 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो उनकी अद्भुत प्रतिभा और सिनेमा के प्रति समर्पण का प्रमाण हैं। देवानंद का निजी जीवन भी खूब चर्चा में रहा। उस दौर में कई अभिनेत्रियों के साथ उनके नाम जुड़ते रहे, लेकिन उनकी सबसे चर्चित प्रेम कहानी सुरैया के साथ रही। हालांकि किस्मत ने दोनों को एक नहीं होने दिया, फिर भी यह प्रेमकहानी हिंदी फिल्मों के बाहर भी एक दास्तां बनकर रह गई।
