मेरठ की दीप्ति भटनागर को एड एजेंसी की थी तलाश, किस्मत ने बना दिया मॉडल, फिर यात्रा शो ने दिलाई खास पहचान

Deepti Bhatnagar Career: दीप्ति भटनागर ने मॉडलिंग से करियर शुरू किया और 90 के दशक में कई फिल्मों में काम किया। मेरा लॉन्ग गवाचा से लोकप्रियता पाने वाली दीप्ति को टीवी शो 'यात्रा' से खास पहचान मिली।
Deepti Bhatnagar Birthday
दीप्ति भटनागर(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Deepti Bhatnagar Birthday Special: एक्ट्रेस और टीवी होस्ट दीप्ति भटनागर आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। 90 के दशक में फिल्मों में नजर आने वाली दीप्ति ने मॉडलिंग, एक्टिंग और टीवी होस्टिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्मों में काम करने के साथ-साथ उन्होंने छोटे पर्दे पर भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हालांकि, उन्हें घर-घर में खास पहचान धार्मिक-यात्रा आधारित शो ‘यात्रा’ से मिली। उनकी सादगी, खूबसूरत अंदाज और मधुर आवाज दर्शकों को काफी पसंद आती थी।

दीप्ति भटनागर का जन्म 30 सितंबर को उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई दिल्ली से पूरी की और मेरठ यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की। साल 1992 में वह मुंबई पहुंचीं। बताया जाता है कि उस समय उनका मकसद किसी अच्छी एड एजेंसी की तलाश करना था, ताकि मेरठ में उनकी हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री को प्रमोट किया जा सके। लेकिन मुंबई में उनकी किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि एड एजेंसी ढूंढने पहुंची दीप्ति को खुद मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे। साड़ी के एक विज्ञापन से उनके मॉडलिंग करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग को अपना प्रोफेशन बना लिया।

फिल्मों में दिखाया जलवा, मेरा लॉन्ग गवाचा हुआ हिट

मॉडलिंग के बाद दीप्ति ने फिल्मों का रुख किया। उन्होंने हिंदी के साथ साउथ की फिल्मों में भी काम किया। कालिया, मन, चोरी चोरी चुपके चुपके और रोक सको तो रोक लो जैसी फिल्मों में वह नजर आईं। जैकी श्रॉफ, आमिर खान और सैफ अली खान जैसे कलाकारों के साथ भी उन्होंने काम किया। उनका गाना मेरा लॉन्ग गवाचा भी काफी लोकप्रिय हुआ, जिसमें उनके डांस को दर्शकों ने पसंद किया।

Deepti Bhatnagar Birthday Story
दीप्ति भटनागर(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

यात्रा ने घर-घर में दिलाई पहचान

दीप्ति के करियर का सबसे खास पड़ाव टीवी शो 'यात्रा' रहा। इस शो में वह देश के अलग-अलग मंदिरों और धार्मिक स्थलों की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाती थीं। उनके देसी लुक, साड़ियां, गहने और सॉफ्ट आवाज शो की खास पहचान बन गए थे। इसके अलावा उन्होंने ट्रेवल शो ‘मुसाफिर हूं यारों’ को भी होस्ट किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शो के दौरान उन्होंने करीब छह साल में लगभग 80 देशों से रिपोर्टिंग की थी।

Deepti Bhatnagar Birthday
‘भूतनी का भागने न पाए’ गाने ने मचाया धमाल, आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर बढ़ा क्रेज

निर्देशक रणदीप आर्या से की शादी

दीप्ति ने निर्देशक रणदीप आर्या से शादी की। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनके नाम शिव और शुभ बताए जाते हैं। करीब 25 फिल्मों में काम करने के बाद दीप्ति ने फिल्मों से दूरी बना ली और टीवी की दुनिया में सक्रिय रहीं। बाद में उन्होंने टीवी से भी दूरी बना ली। अब वह लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं और कभी-कभार इवेंट्स में नजर आती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com