कभी स्कूल में बच्चों को पढ़ाते थे चंद्रचूड़ सिंह, फिर ऐसे बदली किस्मत, बन गए बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता

Chandrachur Singh Career: चंद्रचूड़ सिंह ने IAS बनने का सपना देखा था, लेकिन किस्मत उन्हें बॉलीवुड में ले आई। साल 1996 में तेरे मेरे सपने से डेब्यू करने वाले अभिनेता को फिल्म माचिस से खास पहचान मिली।
Chandrachur Singh Birthday
चंद्रचूड़ सिंह(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • चंद्रचूड़ सिंह का जन्म 11 अक्टूबर 1968 को नई दिल्ली में हुआ था।

  • चंद्रचूड़ सिंह फिल्मों में आने से पहले स्कूल में संगीत और इतिहास पढ़ा चुके हैं।

  • चंद्रचूड़ सिंह को साल 1996 में आई फिल्म माचिस से खास पहचान मिली और फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।

Chandrachur Singh Birthday Story: हिंदी सिनेमा में कई ऐसे कलाकार रहे हैं, जिन्होंने अपनी शानदार अदाकारी और आकर्षक व्यक्तित्व से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इन्हीं अभिनेताओं में चंद्रचूड़ सिंह का नाम भी शामिल है। फिल्म ‘माचिस’ से पहचान बनाने वाले चंद्रचूड़ सिंह 11 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मनाते हैं। अभिनेता ने कभी आईएएस अधिकारी बनने का सपना देखा था, लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मी दुनिया में ले आई।

चंद्रचूड़ सिंह का जन्म 11 अक्टूबर 1968 को नई दिल्ली में हुआ था। उनके पिता कैप्टन बलदेव सिंह राजनीति से जुड़े थे और उत्तर प्रदेश के खैर, अलीगढ़ से विधायक रह चुके थे। वहीं, उनकी मां कृष्णा कुमारी देवी ओडिशा के बोलांगीर के शाही परिवार से ताल्लुक रखती थीं। उनके परिवार में उनके भाई अभिमन्यु सिंह और आदित्य सिंह भी हैं, जो फिल्म जगत से जुड़े हैं।

आईएएस बनने का था सपना

चंद्रचूड़ सिंह ने अपनी शुरुआती पढ़ाई देहरादून के दून स्कूल और वेल्हम बॉयज स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका सपना आईएएस अधिकारी बनने का था, जिसके लिए उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी भी की। चंद्रचूड़ सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि संगीत में भी रुचि रखते हैं। वह प्रशिक्षित शास्त्रीय गायक हैं। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने वसंत वैली स्कूल में बच्चों को शास्त्रीय संगीत सिखाया और दून स्कूल में इतिहास के शिक्षक के रूप में भी काम किया।

Chandrachur Singh Birthday
अरुण गोविल ने राजा दशरथ बन रणबीर कपूर को दिया आशीर्वाद, दूसरे पोस्टर में राम के अस्थि विसर्जन की झलक

माचिस ने रातों-रात दिलाई पहचान

चंद्रचूड़ सिंह ने साल 1996 में फिल्म 'तेरे मेरे सपने' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। हालांकि, इसी साल रिलीज हुई गुलजार की फिल्म 'माचिस' ने उन्हें खास पहचान दिलाई। फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष पदार्पण के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद वह दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गए।

Chandrachur Singh Birthday Story
चंद्रचूड़ सिंह(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

इन फिल्मों में भी किया काम

माचिस के बाद चंद्रचूड़ सिंह ने दाग: द फायर, दिल क्या करे, जोश, क्या कहना और आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया जैसी फिल्मों में काम किया। अपनी सादगी और सहज अभिनय के कारण उन्होंने हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई। चंद्रचूड़ सिंह ने साल 1999 में अवंतिका कुमारी से शादी की थी। दोनों का एक बेटा है। हालांकि, बाद में उनके रिश्ते में दूरियां आ गईं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com