

Highlights
रामायण के मेकर्स ने अरुण गोविल के राजा दशरथ और रणबीर कपूर के भगवान राम वाले नए पोस्टर्स जारी किए।
पहले पोस्टर में राजा दशरथ राम को आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं।
दूसरे पोस्टर में रणबीर कपूर के राम को नदी में अस्थि विसर्जन की रस्म निभाते दिखाया गया है।
Ramayana Ranbir Kapoor And Arun Govil Poster: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। मेकर्स एक-एक करके फिल्म के किरदारों और उनकी दुनिया की झलक दिखा रहे हैं। अब फिल्म से अरुण गोविल के राजा दशरथ और रणबीर कपूर के भगवान राम वाले नए पोस्टर्स सामने आए हैं। इन पोस्टर्स में पिता-पुत्र के रिश्ते और राम के जीवन से जुड़े भावुक पलों को दिखाया गया है।
फिल्म के पहले पोस्टर में अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं। तस्वीर में वह घुटनों के बल बैठे राम को आशीर्वाद देते दिखाई देते हैं। वहीं, रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में उनके सामने मौजूद हैं। इस सीन में पिता-पुत्र के बीच स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव की झलक देखने को मिलती है। पोस्टर राम और दशरथ के रिश्ते के साथ-साथ उनके जीवन में आने वाले कर्तव्य और त्याग की ओर भी इशारा करता है। मेकर्स ने इन तस्वीरों के जरिए महाकाव्य की इमोशनल कहानी को सामने लाने की कोशिश की है।
दूसरे पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नदी में खड़े होकर अस्थि विसर्जन की रस्म निभाते दिखाई देते हैं। आसपास का प्राकृतिक वातावरण और राम के चेहरे पर नजर आने वाली गंभीरता इस सीन को भावुक बनाती है। यह पोस्टर राम के जीवन में आने वाले दुख और जिम्मेदारियों की झलक पेश करता है। मेकर्स ने पोस्टर्स के साथ लिखा कि एक पिता वादे से और बेटा कर्तव्य से बंधा था, लेकिन दोनों को नहीं पता था कि उनकी विदाई आखिरी होगी। इस कैप्शन ने पोस्टर्स के इमोशनल पक्ष को और गहरा कर दिया है।
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। लारा दत्ता रानी कैकेयी और शीबा चड्ढा मंथरा के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहले पार्ट की रिलीज दिवाली 2026 और दूसरे पार्ट की दिवाली 2027 के लिए निर्धारित है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचेगी। मेकर्स इसे आईमैक्स में भी रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।