जब बिंदु ने बिकिनी पहनने से कर दिया था साफ इनकार, दो घंटे तक रुकी रही यश चोपड़ा की फिल्म 'जोशीला' की शूटिंग

Bindu Bikini Scene: अभिनेत्री बिंदु ने खुलासा किया कि फिल्म 'जोशीला' की शूटिंग के दौरान उन्होंने बिना पूर्व जानकारी के बिकिनी पहनने से इनकार कर दिया था, जिससे करीब दो घंटे तक शूटिंग रुकी रही।
Bindu Film Joshila Shoot bikini scene yash chopra story Dev Anand
बिंदु और देव आनंद (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bindu Film Joshila Shoot: हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और 'कैबरे क्वीन' के नाम से पहचान बनाने वाली बिंदु ने अपने लंबे फिल्मी करियर के दौरान कई यादगार किरदार निभाए। हाल ही में उन्होंने 1973 में रिलीज हुई फिल्म 'जोशीला' की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। बिंदु ने बताया कि एक सीन की शूटिंग के दौरान उन्होंने बिकिनी पहनने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते करीब दो घंटे तक पूरी शूटिंग रोकनी पड़ी।

विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में बिंदु ने बताया कि उन्हें शूटिंग से पहले कभी यह नहीं बताया गया था कि उस सीन में उन्हें बिकिनी पहननी होगी। जब वह सेट पर पहुंचीं और कॉस्ट्यूम देखा तो हैरान रह गईं। उन्होंने कहा कि मैंने यश जी से साफ कहा कि आपने मुझे पहले इसके बारे में नहीं बताया था। मुझे सेट पर आने के बाद पता चला कि मुझे बिकिनी पहननी है, इसलिए मैं इसके लिए तैयार नहीं थी। बिंदु के इस फैसले के बाद फिल्म की शूटिंग लगभग दो घंटे तक रुकी रही और पूरी यूनिट इंतजार करती रही।

यश चोपड़ा ने निकाला समझदारी भरा समाधान

बिंदु ने बताया कि उन्होंने तुरंत अपने कॉस्ट्यूम डिजाइनर को सेट पर बुलाया। इस दौरान निर्देशक यश चोपड़ा ने उन पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया, बल्कि उनकी सहजता का पूरा ध्यान रखा। उन्होंने सीन में बदलाव करते हुए सुझाव दिया कि ज्यादातर शॉट्स पानी के अंदर और साइड या बैक एंगल से फिल्माए जाएंगे, ताकि बिंदु सहज महसूस कर सकें। बिंदु के मुताबिक, यश चोपड़ा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सीन गरिमापूर्ण तरीके से शूट किया जाएगा।

देव आनंद चुपचाप करते रहे इंतजार

बिंदु ने मुस्कुराते हुए बताया कि उस दौरान अभिनेता देव आनंद पूरे समय चुपचाप बैठे रहे और उन्होंने इस मामले में कुछ भी नहीं कहा। शूटिंग पूरी होने के बाद बिंदु ने सिनेमैटोग्राफर फाली मिस्त्री से पूछा कि सीन कैसा लग रहा है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि चिंता मत करो, तुम अच्छी लग रही हो, अश्लील नहीं। यह सुनकर बिंदु को राहत मिली। उन्होंने कहा कि यश चोपड़ा का संवेदनशील रवैया और पूरी टीम का सहयोग उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। 'जोशीला' में देव आनंद, हेमा मालिनी, राखी और बिंदु ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com