

Highlights
बिग बॉस 20 में काजी तौकीर और स्काउट ओपी के बीच चार हफ्तों की दुश्मनी खत्म हो गई है।
काजी ने लव गिल के साथ बहस के दौरान स्काउट का खुलकर समर्थन किया।
काजी ने लव पर स्काउट की भावनाओं के साथ खेलने और उनका इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
Bigg Boss 20 Qazi Touqeer Scout Friendship: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में हर दिन रिश्तों के नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं। कभी दोस्त एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हो जाते हैं, तो कभी पुरानी दुश्मनी दोस्ती में बदल जाती है। अब ऐसा ही बदलाव काजी तौकीर और स्काउट ओपी के रिश्ते में देखने को मिला है। करीब चार हफ्तों तक एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने के बाद दोनों ने फिर दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। खास बात यह है कि लव गिल के साथ हुई काजी की तीखी बहस के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती नजर आ रही हैं।
बीते एपिसोड में काजी तौकीर ने सबके सामने लव गिल को जमकर खरी-खोटी सुनाई थी। उन्होंने लव को चेतावनी दी कि वह स्काउट ओपी की भावनाओं के साथ न खेलें और उनका इस्तेमाल करना बंद करें। काजी ने आरोप लगाया कि लव अपने फायदे के लिए स्काउट को साथ रख रही हैं। इस दौरान काजी ने स्काउट का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने उन्हें नेक और साफ दिल इंसान बताते हुए सलाह दी कि वह लव गिल से दूरी बनाकर रखें और घर के अंदर अपना अलग गेम खेलें। काजी के इस स्टैंड ने घर के रिश्तों में एक नया मोड़ ला दिया।
लव गिल से बहस के बाद हालिया लाइव फीड में काजी और स्काउट एक साथ बैठकर बातचीत करते दिखाई दिए। दोनों ने अपने पुराने मतभेदों को भुलाकर रिश्ते को एक नई शुरुआत देने का फैसला किया। बातचीत के दौरान काजी ने स्काउट को समझाया कि उन्हें घरवालों की गॉसिप और भड़काने वाली बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब दोनों के बीच कोई मनमुटाव नहीं है, लेकिन घर के कुछ सदस्य उनके बीच गलतफहमियां पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं।
काजी तौकीर की बातों से स्काउट भी सहमत नजर आए। उन्होंने माना कि दोनों ने करीब चार हफ्ते आपसी लड़ाई में बिता दिए, जबकि इस दौरान वे साथ मिलकर मस्ती कर सकते थे और अच्छी यादें बना सकते थे। इस बातचीत के बीच एक प्यारा पल तब आया, जब काजी ने अपनी कॉफी में से स्काउट को भी दो-तीन घूंट पीने के लिए दिए। दोनों का यह छोटा-सा जेस्चर उनके बीच लौटती दोस्ती की झलक दिखाता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि काजी और स्काउट की यह नई बॉन्डिंग घर के बाकी सदस्यों के खेल को किस तरह प्रभावित करती है।