

Mahhi Vij Isha Rikhi Divorce Controversy: सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' का आगाज होते ही घर के अंदर ड्रामा और विवाद शुरू हो गए हैं। पहले ही दिन कंटेस्टेंट्स के बीच रिश्तों, निजी जिंदगी और पुराने कनेक्शन को लेकर चर्चा देखने को मिली। इसी बीच टीवी एक्ट्रेस माही विज अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में आ गईं। ईशा रिखी और बॉक्सर मैरी कॉम से बातचीत के दौरान माही ने इस सीजन को डाइवोर्सी स्पेशल बता दिया।
घर में बातचीत के दौरान माही विज ने ईशा रिखी और मैरी कॉम के साथ निजी जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसी दौरान उन्होंने कहा कि तीन तो डाइवोर्सी आ रखी हैं सेट पे, तू, मैं और वो बॉक्सर। इसके बाद माही ने इसे डाइवोर्सी स्पेशल बताते हुए कहा कि उनकी सेकंड इनिंग चल रही है। माही की इस टिप्पणी ने बातचीत को काफी निजी बना दिया। हालांकि, ईशा और मैरी कॉम अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों पर ज्यादा कुछ कहने से बचती नजर आईं।
माही विज ने जब ईशा से पूछा कि वह बिग बॉस में क्यों आई हैं, तो अभिनेत्री ने बताया कि वह हमेशा अपनी जिंदगी को काफी प्राइवेट रखती आई हैं। ईशा ने साफ कहा कि वह नहीं चाहतीं कि लोग उन्हें किसी की गर्लफ्रेंड या पत्नी के तौर पर पहचानें। उनकी इच्छा है कि दर्शक उन्हें उनके नाम और उनकी खुद की पहचान से जानें। ईशा के मुताबिक, उनके लिए अपनी इंडिविजुअल आइडेंटिटी काफी मायने रखती है।
माही ने मैरी कॉम की निजी जिंदगी को लेकर भी बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन बॉक्सर ने इस मुद्दे पर चर्चा करने से साफ इनकार कर दिया। माही का कहना था कि किसी एक्स-पार्टनर के बारे में बात करना हमेशा नेगेटिव नहीं होता और पुरानी यादों में अच्छी बातें भी हो सकती हैं। वहीं, ईशा इस बार-बार हो रही चर्चा से असहज नजर आईं और उन्होंने संवेदनशील निजी मामलों को लेकर सवाल उठाया।
'बिग बॉस 20' की शुरुआत 6 सितंबर से हुई है। पहले ही दिन निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर हुई बातचीत के अलावा घर में बहसबाजी भी देखने को मिली। यंग DSA और काजी तौकीर के बीच हुई तीखी झड़प ने साफ कर दिया है कि इस सीजन में ड्रामा और विवाद की कोई कमी नहीं रहने वाली।