पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे पर सिनेमा कनेक्शन की चर्चा, नेतन्याहू बोले- भाईचारे पर बने फिल्म तो होगी सुपरहिट
India-Israel Bollywood Relation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे के दौरान पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल को बॉलीवुड पसंद है और भारत-इजरायल भाईचारे पर बनी फिल्म सुपरहिट होगी।
- Written By: सोनाली झा
नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू (फोटो- सोशल मीडिया)
Bollywood In Israel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इजरायल के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस मौके पर एक दिलचस्प टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर भारत-इजरायल भाईचारे पर कोई बॉलीवुड फिल्म बने, तो वह जबरदस्त हिट साबित होगी। उनका यह बयान दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है।
दरअसल, इजरायल में बॉलीवुड की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। साल 2018 में भारत दौरे के दौरान नेतन्याहू ने ‘शालोम बॉलीवुड’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने खुलकर कहा था कि उन्हें और उनके देश को बॉलीवुड बेहद पसंद है। इस कार्यक्रम में उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चन और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली समेत कई भारतीय सितारों से मुलाकात की थी। उन्होंने भारतीय फिल्म निर्माताओं को इजरायल में शूटिंग के लिए आमंत्रित भी किया था।
भारत-इजरायल फिल्म समझौता 2018
भारत और इजरायल के बीच फिल्म सहयोग को औपचारिक रूप साल 2018 में मिला, जब दोनों देशों के बीच फिल्म सह-निर्माण समझौते पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते को भारत में केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली थी। इसके तहत सह-निर्मित फिल्मों को दोनों देशों में राष्ट्रीय उत्पादन का दर्जा दिया जाता है। इससे फिल्म निर्माताओं को फंडिंग, तकनीकी सहयोग, प्रतिभा विनिमय और वितरण के क्षेत्र में व्यापक अवसर मिलते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
रवि किशन की झोली में बड़ी फिल्म, करण जौहर की नागजिला में निभाएंगे अहम किरदार, कार्तिक आर्यन के साथ आएंगे नजर
‘धमाल 4’ का जलवा बरकरार, पांचवें दिन भी की करोड़ों की कमाई, जानें 100 करोड़ क्लब से कितनी दूर है फिल्म
‘मुसाफिर कैफे’ का ट्रेलर रिलीज, अधूरी मोहब्बत और जिंदगी के फलसफों से सजी कहानी में दिखे विक्रांत मैसी
सिर्फ चिट्ठियां नहीं, नोट छाप रहा इंडिया पोस्ट! पहली बार 4,000 करोड़ से अधिक हुई कमाई, गदगद हुए सिंधिया
क्रिएटिविटी साझेदारी को मिला नया आयाम
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस समझौते ने दोनों देशों के क्रिएटिविटी, तकनीकी और वित्तीय संसाधनों के साझा उपयोग का मार्ग प्रशस्त किया है। सह-निर्मित फिल्में दोनों देशों के फिल्म समारोहों में घरेलू फिल्मों की तरह भाग ले सकती हैं और निर्माण व पोस्ट-प्रोडक्शन में प्रोत्साहन का लाभ उठा सकती हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा साल 2017 के ऐतिहासिक दौरे के बाद उनकी दूसरी इजरायल यात्रा है।
इजरायल को पसंद है बॉलीवुड
इस दौरान दोनों नेता सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, कृषि, ऊर्जा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ-साथ सांस्कृतिक सहयोग पर भी चर्चा कर रहे हैं। भारत और इजरायल के बीच रक्षा और तकनीक के अलावा अब सिनेमा भी एक मजबूत कड़ी बनता जा रहा है। नेतन्याहू का यह बयान कि “इजरायल को बॉलीवुड पसंद है” इस सांस्कृतिक रिश्ते को और गहराई देता है, जो आने वाले समय में दोनों देशों के फिल्म उद्योग के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकता है।
