‘बटवारा 1947’ का नया गाना ‘कहां चले गए हो राम’ रिलीज, मां की पुकार और बंटवारे के दर्द ने छुआ दिल

Batwara 1947 Song: 'बटवारा 1947' का नया गाना 'कहां चले गए हो राम' रिलीज हो गया है। अनुराधा पौडवाल-शान की आवाज में सजा यह भावुक गाना मां के विश्वास और बंटवारे के दर्द को खूबसूरती से बयां करता है।
Sunny Deol Preity Zinta Shabana Azmi Film Batwara 1947 Song release
बटवारा 1947 का नया गाना (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Sunny Deol Film Batwara 1947 Song: आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के फर्स्ट पोस्टर और टीजर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब मेकर्स ने इसका नया गाना ‘कहां चले गए हो राम’ रिलीज कर दिया है। यह गाना भारत के विभाजन की त्रासदी के बीच एक मां के दर्द, उसके अटूट विश्वास और भगवान राम के प्रति उसकी श्रद्धा को बेहद भावुक अंदाज में पेश करता है।

गाने की शुरुआत शबाना आज़मी के भगवान राम की आराधना करते हुए दिखाई देती है। वह पूरी श्रद्धा के साथ प्रार्थना करती नजर आती हैं। वहीं उनके पीछे सनी देओल और प्रीति जिंटा खड़े दिखाई देते हैं। इसके बाद वीडियो में उत्सव, रिश्तों और बंटवारे के दर्द से जुड़े कई भावुक दृश्य देखने को मिलते हैं, जो कहानी की गहराई का एहसास कराते हैं।

एआर रहमान के संगीत और जावेद अख्तर के बोल ने बढ़ाया असर

इस गाना को संगीत के जादूगर एआर रहमान ने कंपोज, प्रोड्यूस और अरेंज किया है। वहीं इसके मार्मिक बोल मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं। अनुराधा पौडवाल और शान की भावपूर्ण आवाज ने इस गाने को और भी असरदार बना दिया है। संगीत और शब्दों का यह खूबसूरत मेल फिल्म की इमोशनल कहानी को और मजबूती देता है।

दमदार स्टार कास्ट

'बटवारा 1947' में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता राजकुमार संतोषी ने किया है।

कब रिलीज होगी फिल्म

'बटवारा 1947' के निर्माता आमिर खान और अपर्णा पुरोहित हैं, जबकि संगीत ए.आर. रहमान और गाना जावेद अख्तर ने तैयार किए हैं। भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह इमोशनल फिल्म 14 अगस्त 2026, यानी पार्टिशन डे के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। नए गाने ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com