Batwara 1947 Box Office: पहले दिन आवारापन 2 से पिछड़ सकती है बंटवारा 1947, जानें कितने करोड़ की होगी ओपनिंग

Batwara 1947 Opening Day: सनी देओल की 'बंटवारा 1947' और इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी हैं। जानिए एडवांस बुकिंग के आंकड़ों के जरिए पहले दिन कौन सी फिल्म भारी पड़ सकती है।
Batwara 1947 Opening Day
फिल्म 'बंटवारा 1947' (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Sunny Deol vs Emraan Hashmi: स्वतंत्रता दिवस के इस खास मौके पर सिनेमाघरों में 2 बड़े बॉलीवुड सितारों का आमना-सामना हो रहा है। सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी लंबे समय बाद फिल्म 'बंटवारा 1947' के साथ पर्दे पर लौटी है, वहीं दूसरी तरफ इमरान हाशमी अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल 'आवारापन 2' के साथ बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने पहुंचे हैं। दोनों ही फिल्मों को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा था, लेकिन रिलीज के पहले दिन सामने आ रहे एडवांस बुकिंग आंकड़े और रुझान इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि टिकट खिड़की पर दोनों फिल्मों के बीच कांटे की टक्कर हो रही है।

एडवांस बुकिंग के सुस्त रिस्पॉन्स से बढ़ा सस्पेंस

राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले तैयार हुई फिल्म 'बंटवारा 1947' को लेकर काफी समय से माहौल बना हुआ था। हालांकि, बॉक्स ऑफिस ट्रैकर आंकड़ों की मानें तो फिल्म को उम्मीद के मुताबिक एडवांस बुकिंग नहीं मिल सकी है।

रिलीज से ठीक पहले तक फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए लगभग 1.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि ब्लॉक सीटों को मिलाकर यह आंकड़ा 3.70 से 3.81 करोड़ रुपये के आसपास पहुंचा। तुलना की जाए तो इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' ने रिलीज से पहले ही करीब 8.83 करोड़ रुपये की तगड़ी एडवांस बुकिंग हासिल कर ली थी।

पहले दिन की कमाई को लेकर क्या कहते हैं आंकड़े

एडवांस टिकट बिक्री को देखते हुए फिल्म विश्लेषकों का मानना है कि 'बंटवारा 1947' अपने पहले दिन 8 से 10 करोड़ रुपये तक की शुरुआती ओपनिंग दर्ज कर सकती है। यदि सिनेमाघरों में वॉक-इन ऑडियंस और स्पॉट बुकिंग का रिस्पॉन्स दोपहर और शाम के शोज में मजबूत रहता है, तो यह आंकड़ा दोहरे अंकों तक पहुंच सकता है। वहीं दूसरी ओर, 'आवारापन 2' की शुरुआती बढ़त को देखते हुए पहले दिन की रेस में उसके आगे रहने की संभावना जताई जा रही है।

क्या टॉप ए रेटेड ओपनर्स की लिस्ट में मिलेगी जगह

सेंसर बोर्ड ने फिल्म 'बंटवारा 1947' को 'ए' सर्टिफिकेट दिया है और इसका रन टाइम 2 घंटे 25 मिनट है। अगर यह फिल्म 10 से 12 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल करने में सफल होती है, तो यह बॉलीवुड की टॉप 'ए' रेटेड ओपनर फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना सकती है।

फिलहाल इस लिस्ट में 'राज 3' और 'वीरे दी वेडिंग' जैसी फिल्में शामिल हैं। सनी देओल की दमदार एक्टिंग और बंटवारे के संवेदनशील मुद्दे पर आधारित यह कहानी दर्शकों के दिल को छूने की क्षमता रखती है।

Batwara 1947 Opening Day
समंदर की गहराई, फोन पर बनी धुन और फिर स्टूडियो तक का सफर, जोहा के 'फ्लोटिंग सीवीड' की कहानी

माउथ पब्लिसिटी और वीकेंड तय करेगा असली विजेता

'बंटवारा 1947' फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल जैसे बेहतरीन कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन का कलेक्शन ही आखिरी फैसला नहीं होता।

आने वाले शनिवार और रविवार को दर्शकों से मिलने वाले रिएक्शन यानी माउथ पब्लिसिटी ही यह तय करेगी कि लंबी दौड़ में कौन सी फिल्म आगे निकलती है। स्वतंत्रता दिवस की लंबी छुट्टियों का लाभ दोनों ही फिल्मों को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com