थिएटरों में बैन, एफआईआर और तोड़फोड़, 2025 में विवादों से घिरी रहीं ये फिल्में

Controversies bollywood Films 2025: साल 2025 में कई बड़ी फिल्में विवादों में घिरीं। विवेक अग्निहोत्री की द बंगाल फाइल्स ट्रेलर लॉन्च से ही सांप्रदायिक विवादों में फंस गई और कई जगह एफआईआर दर्ज हुई।
थिएटरों में बैन, एफआईआर और तोड़फोड़, 2025 में विवादों से घिरी रहीं ये फिल्में
2025 में विवादों से घिरी रहीं ये फिल्में
Published on: 
Updated on: 

Controversies Films 2025: साल 2025 में बॉलीवुड में ऐसी कई फिल्में बनी, जिसमें से कुछ फिल्म सुपरहिट हुई, तो कुछ फ्लॉप। हालांकि इन सब से अलग कुछ फिल्म्स विवादों में भी घिरी रहीं। कई बड़ी और चर्चित फिल्में रिलीज से पहले और बाद में विवादों में उलझी रहीं। इन फिल्मों को लेकर थिएटरों में तोड़फोड़ हुई, कई जगह एफआईआर दर्ज की गई और सेंसर बोर्ड को भी बीच में दखल देना पड़ा। खासकर वे फिल्में जिनका विषय संवेदनशील रहा, उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा।

द बंगाल फाइल्स

फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री की फाइल्स सीरीज़ की नई कड़ी द बंगाल फाइल्स का ट्रेलर लॉन्च कोलकाता में ही विवादों का शिकार हो गया। पुलिस ने स्क्रीनिंग रोक दी और कई जगह एफआईआर दर्ज हुई। आरोप है कि फिल्म का कंटेंट सांप्रदायिक विवाद भड़का सकता है। इससे पहले अग्निहोत्री की ही फिल्म द दिल्ली फाइल्स भी हिंदू नरसंहार जैसे मुद्दे को लेकर विवादों में आई थी।

फुले

अनंत महादेवन निर्देशित फुले प्रतीक गांधी और पत्रलेखा अभिनीत फिल्म है, जो समाज सुधारक ज्योतिराव और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है। फिल्म पर ब्राह्मणों का अपमान करने का आरोप लगा। विरोध के चलते रिलीज़ डेट टली और सेंसर बोर्ड ने कई कट लगाए। विवादों के बीच ही 25 अप्रैल को यह फिल्म दर्शकों तक पहुंची।

जाट और छावा

सनी देओल, रणदीप हुड्डा और सैयामी खेर स्टारर एक्शन फिल्म जाट भी धार्मिक विवादों का शिकार बनी। फिल्म के एक सीन पर ईसाई समुदाय ने आपत्ति जताई और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। विरोध के बाद निर्माताओं ने विवादित सीन हटाया। संभाजी महाराज के जीवन पर बनी छावा विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की मुख्य भूमिका वाली फिल्म है। फिल्म के एक गाने और कहानी में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ। महाराष्ट्र समेत कई संगठनों ने विरोध दर्ज कराया। अंततः सेंसर बोर्ड को हस्तक्षेप कर कई कट लगाने पड़े।

इमरजेंसी

कंगना रनौत निर्देशित और अभिनीत इमरजेंसी 1975 की आपातकाल की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म है। कंगना ने इसमें इंदिरा गांधी का किरदार निभाया। ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ के आरोप लगे और खूब विवाद हुआ। हालांकि कंगना के अभिनय की सराहना हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म औसत रही। कुल मिलाकर, यह साल दिखाता है कि जब भी सिनेमा संवेदनशील मुद्दों को छूता है, तो विवादों और राजनीति का शिकार होना तय है।

Navbharat Live
navbharatlive.com