‘टटीरी’ विवाद पर महिला आयोग का बादशाह को सख्त संदेश, बोले- हरियाणा की बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा
Badshah Apology Tatiri Song: बादशाह का गाना ‘टटीरी’ विवादों में घिर गया है। गाने के बोलों को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद रेणु भाटिया ने सिंगर को नोटिस भेजा है। मामले में FIR भी दर्ज हो चुकी है।
- Written By: सोनाली झा
रेणु भाटिया और बादशाह (फोटो-सोशल मीडिया)
Badshah Tatiri Song Controversy: रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के कुछ बोलों को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि इसमें महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इस विवाद के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी सख्त रुख अपनाया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मीडिया से बातचीत में रेणु भाटिया ने कहा कि गाने में इस्तेमाल की गई भाषा महिलाओं का अपमान करती है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बादशाह ने जो किया है वह माफी के लायक नहीं है। हरियाणा की बेटियों का इस तरह अपमान करना और उनके खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आयोग ने सिंगर को 13 मार्च को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। अगर वह पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
विवाद के बाद बादशाह ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने कहा कि मैं खुद हरियाणा से हूं। मेरी बोली, मेरा खान-पान और मेरी पहचान हरियाणा से ही जुड़ी है। मेरा कभी ऐसा कोई इरादा नहीं था कि मैं हरियाणा की किसी महिला या बच्चे के बारे में गलत बात कहूं। उम्मीद है लोग मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर देंगे।
सम्बंधित ख़बरें
‘दिल की तन्हाई’ के 30 साल पूरे, अनु मलिक ने शाहरुख खान की तारीफ में कही दिल छू लेने वाली बात
क्या ‘द अलायंस’ में शामिल होंगे मौनी रॉय, अविनाश मिश्रा और निमृत? नए प्रोमो ने बढ़ाई बेचैनी
Amaal Mallik: पोस्ट डिलीट करने के बाद भी अपने आरोपों पर कायम अमाल, बोले- बेटा मुझसे तो औकात में ही रहना
‘लोग चाहते हैं मैं दुखी रहूं…’ अली गोनी से शादी के सवाल पर भड़कीं जैस्मिन भसीन, दिया करारा जवाब
पुलिस की कार्रवाई शुरू
इस विवाद के बीच बादशाह के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से सिंगर को नोटिस भेजकर जांच में सहयोग करने और अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
गाने के बोलों पर उठे सवाल
दरअसल ‘टटीरी’ गाने के कुछ बोल और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के शब्द महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। इसी कारण कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने महिला आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि इस विवाद में आगे क्या फैसला सामने आता है।
