‘टटीरी’ गाने पर बढ़ा विवाद, सोना मोहपात्रा ने बादशाह को लगाई फटकार, बोलीं- हरियाणा का बेटा कहने से...

Tateeree Song Lyrics Controversy: रैपर बादशाह का नया गाना ‘टटीरी’ विवादों में घिर गया है। आपत्तिजनक बोल और वीडियो पर आलोचना के बीच सिंगर सोना मोहपात्रा ने भी बादशाह पर तीखा हमला बोला है।
Badshah Tateeree Song Controversy
सोना मोहपात्रा, बादशाह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Badshah Tateeree Song Controversy: मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह इन दिनों अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के कथित तौर पर आपत्तिजनक बोल और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोग इस गाने की आलोचना कर रहे हैं और इसे लेकर विरोध भी बढ़ता जा रहा है।

अब इस पूरे विवाद में मशहूर सिंगर सोना मोहपात्रा भी कूद पड़ी हैं। उन्होंने बादशाह के गाने और उनके कंटेंट को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है और रैपर को अपने काम के प्रति अधिक जिम्मेदार बनने की सलाह दी है।

सोना मोहपात्रा ने किया तीखा हमला

सोना मोहपात्रा ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा करते हुए बादशाह की आलोचना की। उन्होंने कहा कि खुद को “हरियाणा का बेटा” कहने से किसी की गलती सही नहीं हो जाती। उनके मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब इस तरह का विवाद सामने आया है। सोना ने अपने पोस्ट में लिखा कि अक्सर कुछ कलाकार अपने गानों और वीडियो के जरिए महिलाओं को केवल एक आकर्षक वस्तु की तरह पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का कंटेंट समाज में गलत संदेश देता है और इसे क्रिएटिविटी नहीं कहा जा सकता।

‘झूठा स्वैग दिखाना क्रिएटिविटी नहीं’

सिंगर ने रैप म्यूजिक में इस्तेमाल होने वाले कुछ बोलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “तू मुझपे मरती है, मुझपे जान छिड़कती है” जैसे पुराने और घिसे-पिटे डायलॉग्स को स्वैग बताना कोई नई बात नहीं है। उनका कहना था कि इस तरह के बोल पॉप कल्चर को कमजोर बनाते हैं और यह सबसे आसान लेकिन गैर-जिम्मेदाराना तरीका है, जिसमें महिलाओं को सिर्फ ग्लैमर का हिस्सा बनाकर दिखाया जाता है।

गाने पर दर्ज हुई FIR

बताया जा रहा है कि ‘टटीरी’ सॉन्ग 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। इसके बाद हरियाणा में इस पर विवाद खड़ा हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा पुलिस ने इस मामले में रैपर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज की है और लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

आरोप है कि गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को हरियाणा रोडवेज की बस में डांस करते और आपत्तिजनक इशारे करते हुए दिखाया गया है, जिसे लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई।

बादशाह ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने इस मामले पर सफाई भी दी और लोगों की भावनाएं आहत होने पर माफी मांगी। हालांकि इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इस गाने को लेकर बहस जारी है और कई लोग कलाकारों से अपने कंटेंट के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने की मांग कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com