रैपर बादशाह की होगी गिरफ्तारी! टटीरी सॉन्ग को लेकर मचा बवाल, हरियाणा पुलिस ने दर्ज की FIR

Badshah Tateeree Song Controversy: पंचकूला पुलिस ने बादशाह को नोटिस जारी कर पुलिस के सामने तुरंत पेश होने का निर्देश दिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
Rapper Badshah faces arrest! Haryana Police files FIR over Tattiri song
रैपर बादशाह(Image- Social Media)
Published on
Updated on

Badshah Song Controversy: हरियाणा में सिंगर और रैपर बादशाह अपने नए गाने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा पुलिस उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की तैयारी कर रही है, ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें। यह पूरा मामला उनके नए गाने “टटीरी” से जुड़ा हुआ है, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

पंचकूला में दर्ज हुई FIR

मामले को लेकर पंचकूला के साइबर थाना सेक्टर-20 में रैपर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश किया गया है। इसके अलावा वीडियो में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों के इस्तेमाल की भी बात सामने आई है।

हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल की भी जांच

जांच में यह भी सामने आया है कि वीडियो में हरियाणा रोडवेज की जींद डिपो की बस दिखाई गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या गाने की शूटिंग के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। इसके अलावा वीडियो में एक सरकारी स्कूल भी दिखाया गया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वहां शूटिंग के लिए किसी अधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति इन सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ धारा 120-B के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

बादशाह की गिरफ्तारी की तैयारी

पंचकूला पुलिस ने बादशाह को नोटिस जारी कर तुरंत पुलिस के सामने पेश होने को कहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें भी गठित की गई हैं और अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है।

सोशल मीडिया से हटाया जा रहा वीडियो

हरियाणा पुलिस ने विवादित गाने के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। रैपर के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से यह गाना हटाया जा चुका है और अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म व सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इसे हटाने की कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से जुड़ी रील या वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com