

Emraan Hashmi Awarapan 2: बॉक्स ऑफिस पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुई इमरान हाशमी की एक्शन-ड्रामा फिल्म 'आवारापन 2' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार आगाज किया है। दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर जिस तरह का क्रेज देखा जा रहा था, पहले दिन की कमाई के आंकड़ों ने उस पर पूरी तरह से मुहर लगा दी है। नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन और विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म ने अपनी ओपनिंग से ही बॉक्स ऑफिस के पुराने गणित को हिलाकर रख दिया है।
खबरों के अनुसार 'आवारापन 2' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले ही दिन 21 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इस जबरदस्त कमाई के साथ यह फिल्म साल 2026 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनर बनकर उभरी है। इस लिस्ट में अब यह केवल 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' जैसी बड़ी फिल्मों से ही पीछे है।
इतना ही नहीं, ओपनिंग डे के मामले में इसने अक्षय कुमार और आलिया भट्ट जैसे बड़े सितारों की हालिया रिलीज फिल्मों के साथ-साथ 'भूत बंगला', 'वेलकम टू द जंगल', 'धमाल 4' और 'अल्फा' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पछाड़ दिया है।
यह धमाकेदार शुरुआत इमरान हाशमी के सिनेमाई सफर के लिए बेहद यादगार साबित हुई है। 21 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह उनके पूरे करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।
फिल्म की सफलता का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि इसने अपनी रिलीज के सिर्फ कुछ घंटों के अंदर ही साल 2007 में आई मूल फिल्म 'आवारापन' के कुल लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया।
जहां पहली फिल्म पूरे थिएट्रीकल रन में केवल 7.76 करोड़ रुपये का ही नेट बिजनेस कर पाई थी, वहीं इस सीक्वल ने अपने शुरुआती 8 घंटों में ही उस आंकड़े को तोड़ दिया। इसके अलावा बॉक्स ऑफिस पर साथ रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' के मुकाबले भी इस फिल्म ने 4 गुना ज्यादा कमाई कर अपनी एकतरफा पकड़ मजबूत कर ली है।
दिशा पाटनी और शबाना आजमी के साथ इमरान हाशमी की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। कहानी में अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक गुजर जाने वाले 'शिवम पंडित' के जुनूनी किरदार को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
हालांकि फिल्म 'आवारापन 2' की समीक्षाएं मिली-जुली रही हैं, लेकिन दर्शकों का रिस्पॉन्स यह साबित करता है कि इस फ्रेंचाइजी के प्रति उनका लगाव आज भी बरकरार है।