

CM Fadnavis Praise Asha Forever Song: इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री की अमर आवाज और स्वर मलिका स्वर्गीय आशा भोसले की जयंती पर उन्हें एक बेहद भावुक और भव्य श्रद्धांजलि दी गई है। ऑस्कर विनर संगीतकार एआर रहमान ने उनकी याद में 'आशा फॉरएवर' नाम से एक खास गाना तैयार किया है। मुंबई में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस विशेष गीत को लॉन्च किया। इस दौरान राजनीति और म्यूजिक इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां एक साथ नजर आईं, जिन्होंने भारतीय संगीत में आशा ताई के अतुलनीय योगदान को याद किया।
मुंबई में आयोजित इस स्पेशल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार और आशा भोसले की पोती जनाई भोसले भी मौजूद थीं। गाने की लॉन्चिंग करने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र ने कहा कि आशा ताई की अलौकिक आवाज हमेशा-हमेशा के लिए अमर रहेगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र ने कहा कि 90 साल की उम्र में भी उनके गानों और प्रस्तुतियों में जो असीम ऊर्जा थी, उसने करोड़ों दिलों को छुआ है। यह नया गाना उनकी इसी प्रेरणादायक यात्रा और बहुमुखी संगीत सफर को समर्पित एक सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस खास प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खूबी यह है कि एआर रहमान ने आशा ताई के जीवनकाल के दौरान ही उनके साथ इस गाने की रिकॉर्डिंग पूरी कर ली थी। गाने के बोल फेमस गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि इसका वीडियो लंदन और मुंबई की खूबसूरत लोकेशनों पर शूट किया गया है।
इसमें लंदन के ट्रिनिटी लबान कंजर्वेटरी ऑफ म्यूजिक एंड डांस के यंग कलाकारों और संगीतकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया है। आधुनिक तकनीक की मदद से इस गाने को एक अंतरराष्ट्रीय रूप दिया गया है।
8 दशकों से भी लंबे करियर में हजारों गीतों को अपनी आवाज देने वाली आशा भोसले का इस साल अप्रैल में निधन हो गया था। शास्त्रीय संगीत से लेकर गजल, कैबरे और पॉप शैली में महारत हासिल करने वाली आशा ताई के नाम सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है।