अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट पर अभिजीत सावंत का दर्द, बोले- गायकों का होता है सबसे ज्यादा शोषण

Arijit Singh Retirement: अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट के बाद अभिजीत सावंत ने इंडस्ट्री की सच्चाई उजागर की है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में गायकों को कम भुगतान के चलते सबसे ज्यादा शोषण झेलना पड़ता है।
Arijit Singh Quits Playback Singing Abhijeet Sawant Interview Exposes Bollywood
अरिजीत सिंह और अभिजीत सावंत (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Arijit Singh Quits Playback Singing: अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के ऐलान के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में हलचल मची हुई है। जहां फैंस उनके इस फैसले से हैरान हैं, वहीं कई कलाकार इस कदम के पीछे छिपी सच्चाई पर खुलकर बात कर रहे हैं। अब इस मुद्दे पर सिंगर अभिजीत सावंत का दर्द भी सामने आया है। उन्होंने न सिर्फ अरिजीत के फैसले पर प्रतिक्रिया दी, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में गायकों के शोषण और कम भुगतान जैसे गंभीर मुद्दों को भी उठाया है।

पेंटारिस स्टूडियो के यूट्यूब चैनल से बातचीत में अभिजीत सावंत ने बताया कि बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगर्स को अक्सर उनकी मेहनत के मुताबिक पैसे नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि गायकों को जानबूझकर एक सीमित रकम दी जाती है, क्योंकि इंडस्ट्री नहीं चाहती कि कोई सिंगर फिल्म से ज्यादा बड़ा स्टार बन जाए। अभिजीत के मुताबिक, फिल्म संगीत से जुड़े संगीतकारों और गायकों को आज भी रॉयल्टी नहीं मिलती, जबकि विदेशों में यही रॉयल्टी कलाकारों की जिंदगीभर की कमाई बन जाती है।

अभिजीत सावंत ने कही ये बात

अभिजीत ने उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ विदेशी प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले कलाकारों को सिर्फ दो गानों से इतनी रॉयल्टी मिल जाती है कि वे पूरी जिंदगी आराम से गुजार सकते हैं। वहीं भारत में हालत यह है कि कई गायकों को अपनी रोजी-रोटी चलाने तक के लिए पर्याप्त पैसे नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि हम जो भी रकम मिलती है, उसे स्वीकार कर लेते हैं, क्योंकि डर होता है कि अगर हमने मना किया तो कोई और गायक वह मौका ले लेगा।

अरिजीत सिंह का रिटायरमेंट

सिंगर ने यह भी माना कि कई बार खुद कलाकार ही गलत शर्तों पर काम करने के लिए तैयार हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि अगर किसी बड़े स्टार पर उनकी आवाज चली गई, तो वही गाना जिंदगीभर उनकी पहचान बन जाएगा। इसी डर और लालच के चलते गायकों का शोषण होता रहता है। गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का ऐलान किया था। हालांकि उन्होंने साफ किया था कि वे संगीत बनाना, लाइव कॉन्सर्ट करना और अपने फैंस से जुड़ना जारी रखेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com