

Antara Banerjee RPF Attack Case: ग्लैमर और मनोरंजन जगत से जुड़ी हस्तियां अक्सर अपनी नई फिल्मों, वेब सीरीज या प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में रहती हैं। हालांकि, इस बार 31 साल की मॉडल और एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी एक बेहद चौंकाने वाली घटना के कारण सुर्खियों में हैं। चलती ट्रेन के भीतर हुए एक बड़े हंगामे ने रेलवे प्रशासन और यात्रियों को हैरान कर दिया। अरावली एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक्ट्रेस और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को कड़े कदम उठाने पड़े।
यह पूरा मामला 12 अगस्त की रात का है, जब अंतरा बनर्जी किसी शूटिंग के सिलसिले में मुंबई से सूरत जाने के लिए अरावली एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। अंतरा के पास स्लीपर क्लास की कन्फर्म टिकट थी, लेकिन वह एसी कोच में जाकर बैठ गईं।
एसी कोच के पैसेंजर ने जब उन्हें अपनी सही सीट पर जाने को कहा, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। बात न बनने पर यात्रियों ने इसकी शिकायत टीसी हरिकेश त्रिपाठी से की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टीसी ने तुरंत आरपीएफ जवानों को डिब्बे में बुला लिया।
आरपीएफ के जवानों ने एक्ट्रेस को समझाने और उन्हें उनकी तय बोगी में भेजने का प्रयास किया। हालांकि, समझौते की जगह अंतरा का गुस्सा बढ़ता चला गया और वह सुरक्षाकर्मियों से बहस करते हुए अमर्यादित बर्ताव पर उतर आईं।
आरपीएफ के एएसआई यामिनीकांत मिश्रा द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि अंतरा ने गुस्से में अपने कपड़े उतार दिए। इसके बाद उन्होंने अपने बैग से अचानक रेजर निकाला और सुरक्षाकर्मियों को डराने के उद्देश्य से हवा में लहराना शुरू कर दिया।
गुस्से में आपा खो चुकीं अंतरा ने रेजर लहराते हुए आरपीएफ एएसआई यामिनीकांत मिश्रा पर सीधा वार कर दिया। इस अचानक हुए हमले में अधिकारी की वर्दी फट गई, जबकि उनका मोबाइल फोन और चश्मा टूटकर गिर गया।
इस हंगामे के दौरान अधिकारी और एक्ट्रेस दोनों को मामूली चोटें भी आईं। बोरीवली और दहानू स्टेशन के बीच करीब सवा घंटे तक यह हाईवॉल्टेज ड्रामा चलता रहा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने एसी कोच के दरवाजे बंद कर दिए।
बता दें कि अंतरा सोहम बनर्जी किसी शूटिंग के सिलसिले में मुंबई से सूरत जाने के लिए अरावली एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। अंतरा के पास स्लीपर क्लास की कन्फर्म टिकट थी, लेकिन वह एसी कोच में जाकर बैठ गईं। कोच के दरवाजे बंद होने के बाद अंतरा ने खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की।
दहानू स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ ने उन्हें नीचे उतारा और स्थानीय जीआरपी के हवाले कर दिया। 13 अगस्त को बोरीवली रेलवे पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से हिरासत में लिया।
एक्ट्रेस के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, कर्तव्य में बाधा डालने और यात्रियों की जान खतरे में डालने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें नोटिस देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया।