

Amrapali Dubey Adoption: भोजपुरी सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई आने वाली फिल्म या गाना नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ी एक बेहद भावुक ख्वाहिश है। हाल ही में एक रियलिटी शो के दौरान उन्होंने शादी से पहले मां बनने और एक बच्ची को गोद लेने की अपनी इच्छा जाहिर की है। उनके इस बड़े खुलासे ने न सिर्फ फैंस को चौंका दिया है, बल्कि उनके साथ मौजूद एक्टर दिनेश लाल यादव निरहुआ को भी हैरान कर दिया है। पर्दे पर अपनी बेहतरीन केमिस्ट्री के लिए फेमस इस जोड़ी के बीच हुई इस बातचीत की चर्चा अब हर तरफ हो रही है।
रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के दूसरे एपिसोड में आम्रपाली दुबे और निरहुआ एक साथ नजर आए थे। इसी शो के दौरान बातचीत करते हुए आम्रपाली ने अपने दिल की बात सामने रखी। उन्होंने बताया कि वे जल्द से जल्द एक बेटी को गोद लेकर मां बनना चाहती हैं। यह बात सुनते ही निरहुआ हैरान हो गए और उन्होंने सवाल किया कि अचानक उनके मन में ऐसा ख्याल कैसे आया। इस पर आम्रपाली ने साफ किया कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है।
आम्रपाली ने अपनी बात को समझाते हुए कहा कि यह विचार उनके मन में लंबे समय से चल रहा है। अपने परिवार में चचेरे भाई-बहनों के बच्चों को देखकर उनके भीतर मां बनने की भावना आई। उन्होंने महसूस किया कि वे बच्चों की देखभाल और उनकी सभी जरूरतें आसानी से पूरी कर सकती हैं।
पहले उन्हें लगता था कि यह सिर्फ एक अस्थाई विचार है, लेकिन बाद में उन्हें अहसास हुआ कि उनके अंदर की ममता किसी बच्चे का जीवन संवारने के लिए तैयार है।
आम्रपाली दुबे के इस भावनात्मक फैसले को सुनने के बाद उनके अच्छे दोस्त निरहुआ ने उन्हें सच्चाई का सामना करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक सफल भोजपुरी एक्ट्रेस होने के नाते काम की बिजी होने के बीच बच्चे की परवरिश करना आसान नहीं होगा।
निरहुआ ने अपने अनुभव का हवाला देते हुए बताया कि घर पर परिजनों का सहयोग मिलने के कारण ही वे अपने काम पर ध्यान दे पाते हैं। हालांकि आम्रपाली ने आत्मविश्वास से कहा कि बच्चे के आने के बाद वे चुनिंदा काम ही करेंगी और इसमें अपने परिवार की मदद लेंगी।