Amitabh Bachchan Habits: ‘काम न करूं तो दिन लगता है अधूरा’, अमिताभ बच्चन ने बताया अपनी फिट लाइफ का राज

Amitabh Bachchan ने बताया कि 83 की उम्र में भी वह रोज काम करना पसंद करते हैं। एक दिन भी बिना काम के रहने पर उन्हें बेचैनी होती है। बिग बी के मुताबिक अनुशासन ही मानसिक शांति का सबसे बड़ा राज है।
Amitabh Bachchan Daily Routine blog post Bollywood legend lifestyle habits
अमिताभ बच्चन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amitabh Bachchan Daily Routine: अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा के उन दिग्गज अभिनेताओं में से हैं, जिनकी मेहनत और अनुशासन की मिसाल दी जाती है। 83 साल की उम्र में भी बिग बी लगातार काम कर रहे हैं और अपने प्रोफेशन के प्रति उतनी ही गंभीरता रखते हैं, जितनी अपने करियर के शुरुआती दिनों में रखते थे। हाल ही में उन्होंने अपने ब्लॉग में इस बात का खुलासा किया कि काम न करना उन्हें परेशान कर देता है।

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर उनका दिन बिना काम के गुजरता है, तो उन्हें यह बेहद अजीब और असहज महसूस होता है। उन्होंने बताया कि वर्षों से एक तय रूटीन में काम करने की आदत पड़ चुकी है, ऐसे में जब वह रूटीन टूटता है, तो पूरा दिन असंतुलित सा लगने लगता है। उनके अनुसार, जब आप हर दिन काम नहीं करते, तो आपकी आदतों का संतुलन बिगड़ जाता है और दिन एक उलझन जैसा महसूस होने लगता है।

अनुशासन और निरंतरता का महत्व

बिग बी ने यह भी कहा कि लगातार काम करने से जीवन में एक तालमेल बना रहता है। अगर व्यक्ति अपने रोजमर्रा के कार्यों में निरंतरता बनाए रखे, तो मानसिक शांति और संतुलन बना रहता है। वहीं, जब यह क्रम टूटता है, तो बेचैनी और चिंता बढ़ सकती है। उन्होंने अपने अनुभव के आधार पर यह सलाह दी कि जीवन में अनुशासन और नियमितता बेहद जरूरी है। इससे न केवल काम बेहतर होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है।

चिंता से दूर रहने की सलाह

अमिताभ बच्चन ने यह भी बताया कि बिना काम के दिन उन्हें चिंता में डाल सकते हैं, लेकिन उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अनावश्यक चिंता से बचना चाहिए। उनके मुताबिक, चिंता मन और शरीर दोनों के लिए नुकसानदायक होती है और इसे नियंत्रित करना जरूरी है। काम की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में कल्कि 2898 AD में नजर आए थे, जिसमें उनके अश्वत्थामा के किरदार को काफी सराहा गया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सुपरहिट साबित हुई। फिलहाल, वह इसके सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं और लगातार अपने काम के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com