

Tanvi the Great: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने 23 साल बाद निर्देशन की दुनिया में वापसी की है और उनकी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ इन दिनों सुर्खियों में है। 18 जुलाई को रिलीज होने वाली इस फिल्म ने दर्शकों का दिल ट्रेलर से ही जीत लिया था। अब इस फिल्म को लेकर अक्षय कुमार का इमोशनल रिएक्शन सामने आया है, जिसने इस फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर अपने दिल की बात साझा करते हुए लिखा कि मैं पार्टी में थोड़ा लेट हो गया था, लेकिन खुशी इस बात की है कि मैंने ये फिल्म देखी। ‘तन्वी द ग्रेट’ एक ऐसी फिल्म है, जो इमोशनल राइड पर ले गई, जिसे देख आंखों में आंसू आ गए। मेरे दोस्त अनुपम खेर और फिल्म की पूरी टीम को इस खूबसूरत फिल्म के लिए प्यार और शुभकामनाएं। इस फिल्म को थिएटर में देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकता।
फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की कहानी एक विशेष बच्ची तन्वी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर है। लेकिन इसके बावजूद उसके सपने बहुत बड़े हैं। वो भारतीय सेना में शामिल होना चाहती है। फिल्म इस लड़की की जिद, संघर्ष और प्रेरणादायक सफर को दर्शाती है। तन्वी का किरदार शुभांगी दत्त निभा रही हैं, वहीं अनुपम खेर ने फिल्म को निर्देशित करने के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई है।
फिल्म में पल्लवी जोशी, जैकी श्रॉफ, करण टैकर और बोमन ईरानी जैसे अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म को CBFC से U सर्टिफिकेट मिला है, यानी यह फिल्म सभी उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त है। इसका रनटाइम 2 घंटे 39 मिनट 54 सेकंड है। गौरतलब है कि अनुपम खेर ने पिछली बार साल 2001 में ‘ओम जय जगदीश’ का निर्देशन किया था।