

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह सिर्फ उनकी एक्टिंग नहीं, बल्कि उनकी डायरेक्शनल वापसी भी है। अनुपम खेर ने 23 साल बाद निर्देशन की कमान संभाली है और उनकी अपकमिंग फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ इस वक्त सुर्खियों में है। हाल ही में यह फिल्म सेंसर बोर्ड से पास हो गई है, और बोर्ड ने इसे ‘U’ सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दी है, यानी यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त है।
फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 39 मिनट और 54 सेकेंड है। इस इमोशनल कहानी में ‘तन्वी’ नाम की एक लड़की की जिंदगी को दिखाया गया है, जो ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से जूझ रही है। हालांकि तन्वी आम लोगों से अलग है, लेकिन उसके सपने बेहद बड़े हैं, वो भारतीय सेना में शामिल होना चाहती है। तन्वी के किरदार में नजर आएंगी शुभांगी दत्त, जिनकी यह एक प्रभावशाली शुरुआत मानी जा रही है।
अनुपम खेर के साथ तन्वी द ग्रेट में जैकी श्रॉफ, करण टैकर, पल्लवी जोशी और बोमन ईरानी जैसे मंजे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर जबरदस्त बज़ बना हुआ है। कुछ समय पहले खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी में इसका एक प्राइवेट स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी, जहां इस फिल्म को स्टैंडिंग ओवेशन मिला। सेना से जुड़े लोगों और अधिकारियों ने फिल्म की कहानी, मैसेज और परफॉर्मेंस की सराहना की।
अनुपम खेर की यह फिल्म खास इसलिए भी है क्योंकि इससे उन्होंने साल 2005 की ‘ओम जय जगदीश’ के बाद दोबारा डायरेक्शन की बागडोर संभाली है। लंबे समय बाद निर्देशन में उनकी वापसी को इंडस्ट्री में उत्साह और सम्मान के साथ देखा जा रहा है। ‘तन्वी द ग्रेट’ एक सशक्त सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म मानी जा रही है, जो न केवल ऑटिज्म जैसी मानसिक स्थिति को मुख्यधारा में लाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और परिवार का साथ किसी भी मुश्किल को पार कर सकता है।