Akshay Kumar Childhood Story: पहलवानों संग अखाड़े में अक्षय कुमार को उतारते थे पिता, ऐसे मिली हिम्मत

Akshay Kumar ने व्हील ऑफ फ़ॉर्च्यून में बताया कि उनके पिता उन्हें बचपन में पहलवानों के साथ कुश्ती लड़वाते थे। उन्होंने माता-पिता को बच्चों की रुचि समझने और उन्हें सपोर्ट करने की सलाह भी दी।
Akshay Kumar childhood story Father wrestler Wheel Of Fortune Bollywood action hero
अक्षय कुमार (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akshay Kumar Wheel Of Fortune: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों क्विज रियलिटी शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून को होस्ट करते नजर आ रहे हैं। शो के दौरान वह अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा करते हैं। हाल ही में अक्षय ने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए बताया कि उनके पिता उन्हें पेशेवर पहलवानों के साथ कुश्ती लड़वाते थे।

अक्षय कुमार ने बताया कि उनके पिता का बैकग्राउंड खेलों से जुड़ा था और वे खुद भी पहलवानी करते थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता कई प्रोफेशनल पहलवानों को जानते थे और उन्हें बचपन में ही उनके साथ अखाड़े में उतार देते थे। अभिनेता ने माना कि उन कठिन अनुभवों ने उन्हें न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाया, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त किया। यही वजह है कि आज वह फिल्मों में अपने स्टंट्स और एक्शन सीन खुद करने में सक्षम हैं।

बच्चों की रुचि समझने की दी सलाह

शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून के दौरान अक्षय कुमार ने प्रतियोगियों के साथ बातचीत में माता-पिता और बच्चों के रिश्ते पर भी खुलकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हर बच्चे की रुचि अलग होती है और माता-पिता को इसे समझना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि अगर बच्चा पढ़ाई में कमजोर है, लेकिन किसी खेल, कला या अन्य क्षेत्र में अच्छा है, तो उसे उस दिशा में आगे बढ़ने का मौका देना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा पूरी करना जरूरी है, लेकिन बच्चों के सपनों को दबाना नहीं चाहिए।

माता-पिता का सपोर्ट है सबसे जरूरी

अक्षय ने जोर देकर कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता की सबसे बड़ी भूमिका होती है। अगर मां-बाप अपने बच्चों के साथ खड़े रहें और उनका हौसला बढ़ाएं, तो बच्चे जीवन में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे किसी को तैराकी पसंद हो, बॉक्सिंग या मार्शल आर्ट्स, हर शौक को पूरा करने में परिवार का साथ बेहद अहम होता है। यही सपोर्ट बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाता है।

परिवार को देते हैं प्राथमिकता

अक्षय कुमार खुद दो बच्चों के पिता हैं और अक्सर अपने परिवार के साथ समय बिताते नजर आते हैं। उनके बेटे का नाम आरव और बेटी का नाम नितारा है। अक्षय कुमार की ये बातें न सिर्फ उनके संघर्ष और मेहनत की कहानी बयां करती हैं, बल्कि हर माता-पिता के लिए एक अहम सीख भी देती हैं कि बच्चों के सपनों को समझना और उन्हें सपोर्ट करना कितना जरूरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com