

Akshara Singh Taunt On Industry Boys: भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह एक बार फिर अपनी बेबाक राय को लेकर चर्चा में हैं। प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा उनकी निजी जिंदगी हमेशा सुर्खियों में रहती है। पवन सिंह के साथ उनका रिश्ता और फिर विवादित ब्रेकअप आज भी इंडस्ट्री का चर्चित टॉपिक बना हुआ है। इसी बीच अब अक्षरा सिंह ने इंडस्ट्री के लड़कों और प्यार को लेकर एक तीखा तंज कसा है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, शुक्रवार को अक्षरा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन में एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो के साथ उन्होंने एक गाना लगाया, जिसके बोल हैं ‘कोई अपना होगा’। लेकिन इस रोमांटिक गाने के उलट, अक्षरा का कैप्शन पूरी तरह व्यंग्य से भरा हुआ था। उन्होंने इंडस्ट्री के लड़कों को सलाह दी कि आजकल प्यार करने से पहले एक पूरी चेकलिस्ट बना लेनी चाहिए।
अक्षरा सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पहले मम्मी-पापा से NOC लें, फिर लड़की की जात पूछें, उसके बाद उसकी पूरी पास्ट रिलेशनशिप हिस्ट्री डाउनलोड करें। इतना ही नहीं, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह भी जांच लें कि कितने अफेयर रहे हैं, ताकि बाद में दिल ही नहीं, बल्कि पूरी फैमिली मीटिंग न टूटे। पोस्ट के अंत में अक्षरा ने लिखा कि प्यार तो सिर्फ ट्रेलर है, असली फिल्म समाज की मंजूरी के बाद ही रिलीज होती है।
अक्षरा सिंह की यह पोस्ट सीधे तौर पर इंडस्ट्री में मौजूद दोहरे मापदंडों और सामाजिक दबावों पर सवाल खड़े करती है। फैंस इसे उनके निजी अनुभवों से जोड़कर भी देख रहे हैं, खासतौर पर पवन सिंह के साथ उनके विवादित रिश्ते के कारण।
गौरतलब है कि एक समय अक्षरा सिंह और पवन सिंह की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा की सबसे हिट जोड़ियों में गिनी जाती थी। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ रियल लाइफ रिलेशनशिप भी खूब चर्चा में रही। हालांकि, यह रिश्ता बेहद खराब मोड़ पर खत्म हुआ। अक्षरा ने पवन सिंह पर धोखेबाजी, मारपीट, करियर बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
अक्षरा ने कई इंटरव्यूज में दावा किया है कि पवन सिंह ने रिलेशनशिप में रहते हुए दूसरी शादी कर ली थी और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। पवन सिंह ने मार्च 2018 में ज्योति सिंह से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता भी अब टूटने की कगार पर बताया जा रहा है।