

Actor Pankaj Jha Viral Video: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धूम मचाने वाली फेमस वेब सीरीज 'पंचायत' के अब तक आए सभी सीजन को फैंस ने खूब सराहा है। इस सीरीज के हर एक किरदार ने लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। इसी बीच सीरीज में अपनी बेहतरीन एक्टिंग से सुर्खियां बटोरने वाले एक्टर की हाल ही में एक तस्वीर ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इस तस्वीर को देखने के बाद फैंस अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं और इस तस्वीर पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
'पंचायत' वेब सीरीज में विधायक चंद्रकिशोर सिंह का दमदार और कड़क किरदार निभाने वाले एक्टर पंकज झा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से एक नई तस्वीर शेयर की है। इस लेटेस्ट तस्वीर में वह बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आ रहे हैं। पंकज झा को देखकर पहचानना भी मुश्किल हो रहा है कि यह वही पर्दे के रौबदार विधायक जी हैं। इस फोटो के सामने आते ही यह तेजी से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखी और शेयर की जाने लगी है।
पंकज झा की इस वायरल हो रही तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि पंकज झा एक आम इंसान की तरह सड़क किनारे जमीन पर बैठे हुए हैं। उनके सामने टोकरियों में टमाटर, खीरा और लौकी जैसी कई ताजी सब्जियां रखी हुई हैं।
वह बेहद ध्यान से इन सब्जियों को खुद अपने हाथों से चुनते हुए दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता पंकज झा ने इस दिलचस्प पोस्ट के साथ कोई भी विवरण या कैप्शन नहीं लिखा है, जिससे यह साफ नहीं हो पाया है कि यह तस्वीर किस जगह की है और कब खींची गई है।
बिहार के रहने वाले पंकज झा की रीयल लाइफ काफी संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाने से पहले एक लंबे समय तक थिएटर में काम किया और कड़ी मेहनत की। और अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा रहे हैं।
पंकज झा ने भले ही 'पंचायत सीरीज' में एक नेगेटिव रोल निभाया हो, लेकिन उनके देसी अंदाज और डायलॉग डिलीवरी ने उन्हें जनता का पसंदीदा बना दिया। अब दर्शकों को इस सीरीज के 5वें सीजन का बेसब्री से इंतजार है, जिसके इस साल के अंत तक आने की उम्मीद जताई जा रही है।