

West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए चुनावी प्रचार आज सोमवार शाम को थम गया है। इस चुनावी प्रचार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), घुसपैठ, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाते हुए वोटर्स से कई लुभावने वादे किए।
बंगाल चुनाव (West Bengal) के इस दूसरे चरण में राज्य के 142 विधानसभा क्षेत्रों में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जिसमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाओं और 792 तृतीय-लिंग के मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता मतदान के पात्र हैं। दूसरे चरण के लिए 41,001 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। सभी पोलिंग बूथों की गतिविधियों का वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा।
प्रचार अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने TMC पर पश्चिम बंगाल (West Bengal) को घुसपैठियों का अड्डा बनाने का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा विभाजनकारी राजनीति में लिप्त है और वह मछली एवं अंडे के सेवन को हतोत्साहित कर रही है। निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया है। चुनाव के दौरान सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियों को तैनात किया है।
कुल 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कैमरों से लैस ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कोलकाता में केंद्रीय बलों की 273 कंपनियों के साथ सबसे अधिक तैनाती है। दूसरे चरण के चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाने हैं, उनमें भांगर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार, जबकि गोघाट में सबसे कम पांच प्रत्याशी हैं।
इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है, उनमें ममता भी शामिल हैं। ममता भवानीपुर से एक बार फिर चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर उन्हें भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से कड़ी चुनौती मिल रही है। कोलकाता पोर्ट में वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता फिरहाद हकीम का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह से है।
अल्पसंख्यक बहुल इस निर्वाचन क्षेत्र को मध्य कोलकाता में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अन्य महत्वपूर्ण सीटों में भाटपारा, जगतदल और बैरकपुर, बनगांव, दमदम, संदेशखाली, हिंगलगंज, राणाघाट उत्तर, राणाघाट दक्षिण, रासबिहारी, यादवपुर और बेलीगंज शामिल हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)