भय नहीं...भाजपा चाहिए! चुनाव प्रचार खत्म होते ही बंगाल के नाम PM मोदी का पत्र, लिखा- अब बदलाव होकर रहेगा

PM Modi Bengali Letter: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन PM मोदी ने का बंगाल के नाम एक भावुक पत्र लिखा। उन्होंने लिखा कि ये रैलियां मेरे लिए तीर्थ यात्रा जैसी थीं।
PM Modi writes a heartfelt letter in Bengali on the last day of campaign, sharing his spiritual experience.
पीएम नरेंद्र मोदी (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

PM Narendra Modi West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनावी प्रचार का आज आखिरी दिन है। इस चुनावी प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उतरे है और जनसभाओं को संबोधित कर रहे है। आज चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले उन्होंने बंगालवासियों को बांग्ला भाषा में एक पत्र लिखा है और उसे अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल में पूरे चुनाव प्रचार के दौरान, मुझे अपने परिवार के सदस्यों से जो अपार प्यार और आशीर्वाद मिला है, उसने मुझे एक नई ऊर्जा से भर दिया है। चाहे यहां की युवा शक्ति हो या नारी शक्ति, हमारे किसान भाई-बहन हों, मजदूर हों या व्यापारी हर कोई 'विकसित बंगाल' के लिए पूरी तरह से समर्पित है। इस पत्र में, मैंने उनके प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है।

बंगाल चुनाव प्रचार का अनुभव

पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा, पश्चिम बंगाल के मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, लोकतंत्र का हर महोत्सव बहुत पवित्र होता है। मुझे भी बंगाल के इस उत्सव में हिस्सा लेने का अवसर मिला है। बीते दिनों मुझे आप सभी के सामने बंगाल के विकास को लेकर बीजेपी का रोडमैप रखने का अवसर मिला। आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार खत्म हो रहा है। इस चुनाव की मेरी आखिरी रैली भी हो चुकी है। मैं अब इस पत्र के माध्यम से बंगाल के अपने हर परिवारजन को अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा हूं।

पीएम मोदी (PM Modi) ने चुनाव प्रचार के दौरान अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा, इस चुनाव के दौरान, मैंने बंगाल में एक अलग ही ऊर्जा अनुभव की है। इतनी गर्मी के बावजूद, इतनी रैलियों के बाद भी, मुझे बंगाल के इस चुनाव में जरा भी थकान नहीं महसूस हुई। ये रैलियां, ये रोड शो मेरे लिए तीर्थ यात्रा की तरह रहे। मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था, तो संभवतः मां काली भी मुझे निरंतर नई ऊर्जा से भरती जा रही थीं।

पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रामभूमि में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा याद करते हुए लिखा, जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था, उससे पहले मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था, व्रत किया था। इस  चुनाव में भी मुझे वही अनुभूति हुई, जैसी किसी देवी मंदिर में दर्शन के समय होती है। बंगाल की सभी रैलियों में, रोड शो में, मुझे इतने अपनेपन से भरे संदेश और चित्र मिले हैं कि मैं उन्हें कभी भुला नहीं सकता। रैलियों और रोड शो के बाद जब भी पहला मौका मिलता है, में रात में बहुत तसल्ली से उन चित्रों को देखता हूं।

अब परिवर्तन करना है - PM Modi

उन्होंने कहा कि वे जनता का संदेश पढ़ते है और उनका जवाब भी लिखवाते है। युवा हों, बहनें-बेटियां हों, बुजुर्ग हों, हर आयु वर्ग के साथियों में स्नेह का जो भाव में देखता हूं, वो मेरे जीवन की असली पूंजी है। इस चुनाव के दौरान मैंने ये भी देखा कि बंगाल के यूवा हो, महिलाएं हों, किसान हों, श्रमिक हो, सभी विकसित बंगाल के लिए कितने अधीर हैं।

बंगाल का युवा अब आगे बढ़ने के लिए खुला मैदान चाहता है। बेटियां खुला आसमान चाहती हैं, सुरक्षा चाहती हैं। बंगाल का हर नागरिक, हर परिवार एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। अब परिवर्तन करना है।

प्रधानमंत्री ने बंगालवासियों का साथ मांगा और लिखा, भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए। बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, ये मेरा दायित्व है। बंगाल के सामने उपस्थित हर चुनौती को अवसर में बदलना ये मेरे भाग्य में भी है और मेरी जिम्मेदारी भी है। मैं अपनी इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा। मैं आपको भरोसा देता हूं, कि बंगाल में बीजेपी के मुख्यमंत्री के शपथग्रहण का उत्सव हम सभी मिलकर मनाएंगे। हम सभी मिलकर, बंगाल को विकसित बनाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com