

BJP Bengal Manifesto : पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है और देशभर की नजरें नतीजों पर टिकी हैं। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां भाजपा बहुमत के करीब या उससे आगे बढ़ती नजर आ रही है।
अगर यह बढ़त जीत में बदलती है, तो राज्य में 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन हो सकता है। ऐसे में लोगों के बीच भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
भाजपा ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कई बड़े वादे किए थे। पार्टी ने हर महिला को 3,000 रुपये मासिक आर्थिक सहायता देने की बात कही थी। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बटालियन और ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ बनाने का वादा भी किया गया था।
सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी शामिल थी। युवाओं के लिए अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने का दावा किया गया था। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को 3,000 रुपये मासिक सहायता देने का वादा भी किया गया।
किसानों के लिए चावल, आलू और आम की खेती में सहायता तथा उचित मूल्य दिलाने की योजना बताई गई थी। मछुआरों को पीएम मत्स्य संपदा योजना से जोड़ने और राज्य को मछली निर्यात केंद्र बनाने की बात कही गई थी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना लागू करने, मुफ्त एचपीवी टीकाकरण और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग जैसे वादे किए गए थे। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तर बंगाल में एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थान स्थापित करने का वादा भी शामिल था। हालांकि यह अभी शुरुआती रुझान हैं और अंतिम नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।