‘थलापति’ का सियासी धमाका: दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे एक्टर विजय, क्या हिला पाएंगे DMK-AIADMK का सिंहासन?
Tamil Nadu Assembly Election: थलापति विजय ने अपनी सभी सीटों में प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। विजय ने खुद दो सीटों से लड़ने का मन बनाया है। जानिए क्या है सी. जोसेफ का मास्टर प्लान।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
थलापति विजय, फोटो- सोशल मीडिया
TVK Candidate List Announcement: तमिलनाडु की राजनीति में लंबे समय से दो बड़ी पार्टियों, DMK और AIADMK, का दबदबा रहा है, लेकिन 2026 का चुनाव एक बड़ा मोड़ ले सकता है। मशहूर अभिनेता और ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ यानी TVK के प्रमुख विजय ने चेन्नई में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी कर अपनी राजनीतिक पारी का आधिकारिक आगाज कर दिया है।
विजय ने न केवल युवाओं से बड़े वादे किए हैं, बल्कि खुद दो महत्वपूर्ण सीटों से मैदान में उतरकर विरोधियों को कड़ी चुनौती देने का संकेत दिया है। इस घोषणा के बाद राज्य के 5.6 करोड़ मतदाताओं के बीच हलचल बढ़ गई है, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या (2.8 करोड़) पुरुषों (2.7 करोड़) से अधिक है।
दो सीटों से ताल ठोकेंगे विजय
विजय ने स्पष्ट किया है कि वे तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में त्रिची ईस्ट और पेरम्बूर (चेन्नई) सीटों से चुनाव लड़ेंगे। चुनाव में उनका नाम आधिकारिक तौर पर सी जोसेफ विजय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। विजय ने अपनी रणनीति साझा करते हुए कहा कि वे हर निर्वाचन क्षेत्र में खुद जाकर प्रचार नहीं कर पाएंगे, इसलिए उन्होंने ऐसे भरोसेमंद उम्मीदवारों को चुना है जो पार्टी के काम को मजबूती से आगे बढ़ा सकें। अभिनेता से राजनेता बने विजय की यह तैयारी दिखाती है कि वे राज्य की पारंपरिक द्विध्रुवीय राजनीति में एक ‘तीसरे विकल्प’ के रूप में खुद को स्थापित करना चाहते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
हमारी दोस्ती राजनीति से परे! एमके स्टालिन से हुई मुलाकात पर रजनीकांत ने दी सफाई, विजय की जीत पर हुए थे हैरान
तमिलनाडु कैबिनेट विस्तार पर सस्पेंस बरकरार! बिना मंत्रियों के कई अहम विभाग, सियासी चर्चाएं तेज
22 मई को दिल्ली दौरे पर जाएंगे ‘थलापति’ विजय, पीएम मोदी के साथ होगी पहली बड़ी बैठक
फैसला मंजूर नहीं… डीजल-पेट्रोल कीमतों में बढ़ोत्तरी पर CM विजय की दो टूक, तेल कंपनियों को भी लताड़ा
विजय की ‘कोर टीम’ मैदान में
विजय ने चेन्नई में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अपने प्रमुख साथियों के नामों का भी ऐलान किया। उनकी कोर टीम के सदस्य एन. आनंद (बुसी आनंद) को टी. नगर से, आदव अर्जुना को विल्लिवक्कम से और के.ए. सेंगोट्टैयन को गोबीचेट्टीपलयम से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, आर. अरुणराज को तिरुचेंगोड और सीटीआर निर्मल कुमार को तिरुपरनकुंड्रम से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने थौसेंड लाइट्स से जे.सी.डी. प्रभाकर और विरुगंबाक्कम से साबरिनाथन जैसे चेहरों पर भी भरोसा जताया है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव: उम्मीदवार तय, नामांकन की तारीखें फाइनल, फिर क्यों उड़े हैं प्रत्याशियों के होश?
एक ही चरण में होगा फैसला
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर मतदान 23 अप्रैल 2026, गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। विजय की पार्टी ने राज्यभर में अपने उम्मीदवारों को उतारकर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। पेरम्बूर से विजय की उम्मीदवारी पहले से तय मानी जा रही थी, लेकिन त्रिची ईस्ट से लड़ने के उनके फैसले ने राजनीतिक विशेषज्ञों को चौंका दिया है। विजय का मुख्य फोकस राज्य के युवाओं पर है, जिनसे उन्होंने चुनाव से पहले बड़े वादे किए हैं। उनके चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार बढ़ गए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान के नतीजे 4 मई 2026 को जारी किए जाएंगे। करीब 7,617 थर्ड जेंडर मतदाता भी इस चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बनकर अपनी भागीदारी निभाएंगे।
