डिजाइन फोटो
रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए 12 जिले के 38 विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार 20 नवंबर को सुबह सात बजे से मतदान जारी है और यह शाम पांच बजे तक चलेगी। ऐसे में अधिकारियों ने बताया है कि 31 ऐसे मतदान केंद्र हैं, जहां शाम चार बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त हो जाएगा।
हालांकि उस समय कतार में खड़े लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाएंगे। इस बीच पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी ने झारखंड में हो रहे दूसरे और अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव के लिए सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर झारखंडवासियों के लिए पोस्ट लिखा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर कहा, “झारखंड में आज लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा और आखिरी चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने जा रहे अपने सभी युवा साथियों का मैं विशेष अभिनंदन करता हूं। आपका एक-एक मत राज्य की ताकत है।”
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दूसरे चरण का मतदान स्वर्णिम झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, “झारखंड को टूटने से बचाने के लिए हमें एकजुट होकर बड़ी संख्या में मतदान करना होगा। आज फिर से मतदाताओं को उसी जोश और उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करना है।” सोरेन ने कहा, “आज झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व के दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव का आयोजन हो रहा है। आज 38 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है… पहले चरण के मतदान में 43 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी वर्गों ने अपने अधिकारों और एक मजबूत झारखंड के लिए मतदान किया। जो लोग झारखंड के खिलाफ साजिश कर रहे थे, उन्हें करारा जवाब दिया गया।”
उन्होंने लोगों से मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा, “इस महत्वपूर्ण अवसर पर आप सभी से अपील है कि भारी संख्या में अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा अन्य सभी को भी प्रेरित करें। आज मतदान में भाग ले रहे सभी मतदाताओं, मतदान अधिकारियों तथा झामुमो एवं ‘इंडिया’ के सिपाहियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं एवं बधाई।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी मतदाताओं से बेहतर भविष्य के लिए मतदान करने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर कहा, “मैं झारखंड के अपने मतदाता भाइयों और बहनों से अपील करता हूं कि वे अपने हितों की रक्षा और बेहतर भविष्य के लिए आज भारी संख्या में मतदान करें। ‘इंडिया’ गठबंधंन को दिया गया आपका हर वोट आपके जल-जंगल-जमीन की रक्षा करेगा तथा मंईयां सम्मान योजना जैसी 7 गारंटियों से आपका जीवन खुशहाल बनाएगा।”
प्रियंका गांधी ने मतदाताओं से विपक्षी गठबंधंन ‘इंडिया’ के उम्मीदवारों को विजयी बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने ‘माइक्रोब्लॉगिंग साइट’ पर कहा, “झारखंड के प्यारे भाइयों और बहनों, अपने लिए और अपने बच्चों के मजबूत भविष्य के लिए, जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के लिए और झारखंड के बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक संख्या में वोट करें। संविधान द्वारा दी गई अपनी शक्ति का उपयोग ऐसी सरकार चुनने के लिए करें जो सिर्फ आपके लिए काम करे और आपको आगे बढाए। ‘इंडिया’ गठबंधंन को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।”
आपको जानकारी के लिए बतातें चलें कि दूसरे चरण के इन 38 विधानसभा सीट में से 18 निर्वाचन क्षेत्र संथाल परगना क्षेत्र में हैं, जिसमें छह जिले – गोड्डा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ आते हैं। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होनी है और इसी दिन चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे। 23 नवंबर को ही यह पताचलेगा कि झारखंड में सीएम सोरेन की सत्ता कायम रहेगी या बेजेपी की वापसी होगी।
चुनाव से जुड़ी लेटेस्ट जानकारी पाने के लिए इश लिंक पर क्लिक करें!