

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों ने उम्मीदवारों की सूचियां जारी करना शुरू कर दिया है। बीजेपी और मनसे के बाद एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भी 45 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए शिवसेना पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों की पहली सूची मंगलवार को घोषित की गई। इसमें कुल 45 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। सूची के अनुसार विदर्भ से 5 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कोपरी पाचपाखाड़ी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में होंगे। वहीं विदर्भ की बात करें तो रामटेक से आशीष जायसवाल को उम्मीदवार चुना गया है। वहीं बुलढाणा से संजय गायकवाड़, दरियापुर से अभिजीत अडसूल, भंडारा से नरेंद्र भोंडेकर और दिग्रस से संजय राठोड को उम्मीदवारी दी गई है।
बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है। वहीं 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। 22 अक्टूबर से इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पहले बीजेपी ने 99 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। जिसमें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले समेत कई बड़े नाम शामिल थे।
हालांकि अब तक महायुति में सीट शेयरिंग का ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन बीजेपी और शिवसेना ने उम्मीदवारों की एक-एक लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी और शिवसेना की बाद अजित पवार की एनसीपी भी अपनी सूची जारी कर सकती है। वहीं जल्द ही शीट शेयरिंग का ऐलान होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के बाद राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने 45 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। मंगलवार शाम को मनसे ने सोशल मीडिया पर सूची साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। इस सूची में मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे को मुंबई के माहिम विधानसभा क्षेत्र चुनावी मैदान में उतारा गया है।